वक्फ सम्पत्ति बेचने के इल्जाम में मंत्री मोहसिन रज़ा मुतवल्ली पद से बर्खास्त


214044eah4C66k01hagEGZqaAAk47qgLAmvOA5938233

लखनऊ. उत्तर प्रदेश शिया सेण्ट्रल वक्फ बोर्ड की आज हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. 37 औकाफ़ के मुतवल्ली बदले गए और बोर्ड के सदस्यों को जिले आवंटित किये गए. बोर्ड ने तय किया है कि वह वक्फ मस्जिद मीर बाक़ी (बाबरी मस्जिद), अयोध्या, -फैजाबाद के मामले में भी पुरजोर तरीके से पैरवी करेगा. उत्तर प्रदेश शिया सेन्ट्रल वक्फ बोर्ड ने कहा है कि बाबरी मस्जिद शिया मस्जिद थी. वर्ष 1946 में इस प्रकरण में उ.प्र. शिया सेण्ट्रल वक्फ बोर्ड की भूमिका संदिग्ध रही. ऐसा प्रतीत होता है कि शिया सेण्ट्रल वक्फ बोर्ड, सुन्नी सेण्ट्रल वक्फ बोर्ड से मिल कर मुकदमा हारा और आज तक न्यायालयों में चल रहे इससे संबंधित मुकदमों में शिया वक्फ बोर्ड की तरफ से अपना पक्ष नहीं रखा गया.

बोर्ड ने आज यह फैसला लिया है कि मस्जिद मीर बाक़ी (बाबरी मस्जिद), अयोध्या, जनपद-फैजाबाद से संबंधित समस्त न्यायालयों में चल रहे मुकदमों में शिया वक्फ बोर्ड अपना दावा भी पेश करेगा जिसके लिए बोर्ड ने आम सहमति से बोर्ड के अध्यक्ष सैयद वसीम रिज़वी को पूरी तौर से अधिकृत किया है.

वक्फ आलिया बेगम, सफीपुर, उन्नाव के पूर्व मुतवल्ली मोहसिन रज़ा द्वारा वक्फ सम्पत्ति व पारिवारिक कब्रिस्तान को अवैध रूप से बिकवाये जाने में जांच में दोषी पाये गये. बोर्ड ने मोहसिन रज़ा को वक्फ आलिया बेगम, सफीपुर, उन्नाव के मुतवल्ली पद से बर्खास्त कर उक्त वक्फ को बोर्ड के सीधे नियन्त्रण में लेते हुए बोर्ड के निरीक्षक वज़ीर हसन को वक्फ का प्रशासक नियुक्त कर दिया है. प्रदेश में अवैध रूप से बिना बोर्ड की अनुमति पूर्व में बेची, खरीदी गयी वक्फ सम्पत्तियों की शिकायतों पर चल रही सुनवाई में से वक्फ मोती मस्जिद, हुसैनाबाद, लखनऊ के कुछ प्रकरणों का निस्तारण कर दिया है और बेची गयी वक्फ सम्पत्ति का कब्जा वापस लेने के लिए संबंधित जिलाधिकारी को अध्यापेक्षा भेजे जाने के आदेश कर दिये हैं और धारा-52(क) के अन्तर्गत वक्फ सम्पत्ति को खरीदने व बेचने वालों के विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत कराये जाने के भी आदेश जारी कर दिये हैं. इस संबंध में 22 लोगों के विरूद्ध कार्यवाई की गयी है.
बोर्ड ने अपनी बैठक में प्रदेश के 37 वक्फों में नये मुतवल्लियों एवं प्रबन्ध कमेटियों की नई नियुक्तियां की गयी हैं. बोर्ड ने प्रदेश में वक्फों के काम में तेजी लाने की दृष्टि से बोर्ड के अध्यक्ष व सदस्यों को जिले आवंटित कर जिला प्रभारी नियुक्त कर दिया है, जोकि अपने-अपने जिलों में दिये गये बोर्ड के अधिकारों के अन्तर्गत कार्य करेंगे. नियुक्त किये गये जिला प्रभारियों व उनको आवंटित किये गये जिलों में बोर्ड के अध्यक्ष सैयद वसीम रिज़वी को लखनऊ, रामपुर, जौनपुर और एक लाख व उससे अधिक आय वाले उ.प्र. के समस्त अवकाफ सौंपे गए हैं. सदस्य मौलाना आजि़म हुसैन को बरेली, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, शाहजहांपुर, बदायूं, औरैया, हाथरस, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र, श्रावस्ती, सम्भल, देवरिया का चार्ज दिया गया है. सदस्य वली हैदर को अमरोहा, आगरा, कानपुर नगर / कानपुर देहात, इटावा, उन्नाव, कुशीनगर, मिर्जापुर, प्रतापगढ़, बुलन्द शहर, बलिया, बस्ती, शामली और गोरखपुर की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है.
सदस्य अशफ़ाक़ हुसैन ”जि़या” को फै़ज़ाबाद, अम्बेडकर नगर, रायबरेली, सुल्तानपुर, इलाहाबाद, कौशाम्बी, वाराणसी, चन्दौली, संतकबीर नगर, कासगंज और आज़मगढ़ का चार्ज दिया गया है. सदस्य कु0 अफ़शां ज़ैदी को मुजफ्फरनगर, ग़ाजि़याबाद, गौतमबुद्धनगर, बाग़पत, हापुड़, मेरठ, पीलीभीत, सीतापुर, कन्नौज, एटा, मैनपुरी, लखीमपुर, लखीमपुर खीरी और ग़ाज़ीपुर का चार्ज दिया गया है. सदस्य कु0 आलिमा ज़ैदी को हरदोई, अलीगढ़, बाराबंकी, मथुरा, फिरोजाबाद, फर्रूखाबाद, झांसी, बांदा, चित्रकूट, ललितपुर, महोबा, महाराजगंज, बलरामपुर, फतेहपुर, बहराईच, गोण्डा और हमीरपुर का ज़िम्मा सौंपा गया है

Scroll To Top
Translate »