मिर्जापुर की घटना संयोग नहीं, बहुत बड़ी साजिश-राजबब्बर


18880326_1854930884828108_5439295281186634079_o

राजीव गांधी की प्रतिमा तोड़ने के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

लखनऊ,।मिर्जापुर में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मूर्ति तोड़ने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को सभी जिला, शहर मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन कर अपना ऐतराज जताया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर ने मिर्जापुर में कहा कि यह घटना महज एक संयोग नहीं है, क्योंकि शनिवार को प्रदेश सरकार के मुखिया मिर्जापुर में मौजूद थे, इसलिए निश्चित तौर पर इस घटना के पीछे बहुत बड़ी साजिश है।

उन्होंने कहा कि इस घटना से ऐसा लगता है कि वर्तमान सरकार सामाजिक सौहार्द बिगाड़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी सिर्फ कांग्रेस पार्टी के नेता नहीं थे, वह देश के प्रधानमंत्री भी थे। उन्होंने ही प्रधानमंत्री रहते हुए इस देश के नौजवानों को 18 वर्ष की उम्र में मताधिकार दे दिया था। इसी तरह उन्होंने पंचायतीराज में महिलाओं, पिछड़ों और दलितों को आरक्षण देने की व्यवस्था कर उनके उत्थान की तरफ ठोस कदम बढ़ाया था। सूचना क्रान्ति के जरिए देश को 21वीं सदी में आगे ले जाने सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों के कारण राजीव गांधी याद किए जाते रहेंगे।राजबब्बर ने कहा कि कल सुबह दस बजे तक इस घटना में शामिल मुल्जिमों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए तथा इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो। उन्होंने कहा कि अगर आरोपी जल्द गिरफ्तार नहीं किये जाते हैं तो कांग्रेस सड़कों पर उतर कर धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होगी। इस दौरान राज्य सभा सांसद प्रमोद तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

वहीं राजधानी लखनऊ में जिला/शहर कांग्रेस कमेटी ने हजरतगंज स्थित जीपीओ पार्क में प्रदर्शन किया। इस दौरान सांसद पीएल पुनिया ने कहा कि मिर्जापुर की घटना को सोची समझी साजिश बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस तरह की घटनाओं से माहौल बिगाड़ना चाहती है, लेकिन हम सरकार के मंसूबों को सफल नहीं होने देंगे। कांग्रेसियों ने हजरतगंज चैराहे पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्र का पुतला भी फूंका। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प भी हुई। हजरतगंज चैराहे से मार्च करते हुए कांग्रेसियों ने पुनिया के नेतृत्व में राजभवन गेट पर जाकर विरोध भी प्रकट किया। वहीं कुछ कार्यकर्ताओं ने बादशाह रेलवे स्टेशन पर जाकर धरना-प्रदर्शन के जरिए विरोध जताया।


Scroll To Top
Translate »