
कृषि एवं मनरेगा के संबंध में नीति आयोग की उपसमिति की पहली बैठक संपन्न
लखनऊ: कृषि एवं मनरेगा के संबंध में नीति आयोग की उपसमिति की पहली बैठक आज नई दिल्ली में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें उ0प्र0 के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भी प्रतिभाग किया गया। बिहार और गुजरात राज्य के मुख्यमंत्रियों से वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से तथा पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्रियों ने पत्र के माध्यम से अपने सुझाव प्रेषित किये।
बैठक में किसानों की आय को दोगुना करने में मनरेगा की भूमिका, कृषि में लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने तथा फसलों के नुकसान की भरपाई जैसे संवेदनशील मुद्दो पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने तथा किसानों की आय को दोगुना करने में मनरेगा की भूमिका पर विस्तार से विचार-विमर्श के लिये विभिन्न राज्यों में कार्यशालाएं आयोजित की जायें। इस कड़ी मे आगामी 06 अगस्त को भोपाल तथा तत्पश्चात अन्य राज्यों में भी कार्यशालाएं आयोजित की जाऐंगी।
उपसमिति की आगामी 31 अगस्त को दिल्ली पुनः बैठक होगी, जिसमें समिति के निर्णयों का ड्राफ्ट तैयार किया जायेगा, जिसके आधार पर समिति अपनी अंतिम रिपोर्ट नीति आयोग को प्रस्तुत करेगी।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्तर पर कृषि में मनरेगा की भूमिका पर समन्वित नीतिगत दृष्टिकोण और संस्तुतियां प्राप्त करने के लिये उक्त समिति का गठन किया गया है। बैठक में नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिताभ कांत, नीति आयोग तथा अन्य राज्यों के अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com
