
मुंबई। एअर इंडिया के कर्मचारी को सैंडल से पीटने और फिर इसकी खुद ही शेखी बघारने वाले शिवसेना सांसद रवींद्र गायकवाड़ अब विमान यात्रा नहीं कर पाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, एअर इंडिया ने उनकी पुणे वापसी का टिकट रद्द कर दिया है। वहीं, फेडेरेशन ऑफ इंडियन एअरलाइंस (एफआईए) ने गायकवाड़ के विमान यात्रा करने पर प्रतिबंध लगा दिया है, अर्थात वह अब एफआईए से जुड़ी तमाम एयरलाइंस के विमानों में उड़ान नहीं भर सकेंगे। एफआईए में जेट एयरवेज, इंडिगो, स्पाइस जेट और गोएयर शामिल हैं। इससे पहले एयर इंडिया ने आरोपी सांसद को ब्लैक लिस्ट कर दिया।
एफआईए से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, संघ ने इस घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए गायकवाड़ के विमान में सफर करने पर प्रतिबंध लगा दिया है। सूत्र ने बताया कि एफआईए की सदस्य कंपनियां अपने विमान पर गायकवाड़ को सवार होने नहीं देंगी। हालांकि इस सबसे बेपरवाह गायकवाड़ विमान यात्रा पर अड़े हुए हैं। गायकवाड़ को अपनी हरकत पर जरा भी मलाल नहीं है और उन्होंने एक तरह से एअर इंडिया को चेतावनी देते हुए कहा कि शाम को फिर उसी विमान से वापस जाएंगे, कोई उन्हें रोक कर तो दिखाए। साथ ही, उन्होंने माफी मांगने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि उनकी कोई गलती नहीं है। माफी मांगना तो दूर वह खुद एअर इंडिया से माफी की मांग कर रहे हैं। एफआईए के बैन करने पर उनका कहना है कि आज शाम की फ्लाइट है और वह उसी से जाएंगे। उन्होंने पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि हां, मैं इस घटना के बाद फिल्म ‘बद्रीनाथ की दुल्हनियां’ देखने गया था। आप भी जाकर देखो। फिल्म देखने की वजह से किसी नेता से मुलाकात नहीं हो पाई। उन्होंने दिल्ली पुलिस की एफआईआर को लेकर कहा कि उनमें हिम्मत है, तो वे मुझे गिरफ्तार करें। मेरी पार्टी अपने आप मामले को देखेगी।’
कानूनी कार्रवाई की भी लटकी तलवार
इसके साथ ही गायकवाड़ पर कानूनी कार्रवाई की तलवार भी लटक गई है। एअर इंडिया की तरफ से शिवसेना सांसद के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज कराई गई है। वहीं उनकी पार्टी शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भी उनसे घटना पर जवाब तलब किया है। शिवसेना के सचिव अनिल देसाई ने कहा है कि अगर सांसद गायकवाड़ दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गायकवाड़ को नो-फ्लायर लिस्ट में डालने की तैयारी
इस घटना के बाद एअर इंडिया एक ‘नो-फ्लायर लिस्ट’ भी बनाने की तैयारी में है। इस लिस्ट में ऐसे पैसेंजर को रखा जाएगा, जिनके उड़ान के दौरान दुव्र्यवहार का पुराना रिकॉर्ड रहा है। इस लिस्ट में गायकवाड़ का भी नाम है और कंपनी इस पर सीएमडी के साथ चर्चा कर रही है, जिसे जल्द ही लागू किया जा सकता है।
https://rashtriyadinmaan.com
