MP-MLA जूता कांड पर बोले सीएम योगी, घटना बेहद शर्मनाक, दोषी लोगों पर कार्रवाई की जाएगी


लखनऊ| मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संतकबीरनगर में भाजपा सांसद व विधायक के बीच हुए जूता कांड पर सख्त लहजे में कहा कि ऐसी घटना बेहद शर्मनाक है। भाजपा एक अनुशासित पार्टी है। इस तरह की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषी लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में  आयोजित कार्यक्रम संवाद में बोल रहे थे। योगी ने आगामी लोकसभा चुनाव पर कहा कि ये चुनाव राष्ट्रवाद बनाम राष्ट्रद्रोह, राष्ट्रभक्ति बनाम आतंकवाद और पारदर्शी सरकार व भ्रष्ट सरकार के मुद्दे पर होगा। मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है। देश को एक मजबूत सरकार दी है और आतंकवाद पर पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। हमें पूरा विश्वास है कि जनता एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी पर भरोसा करेगी।

वहीं, प्रदेश में सपा, बसपा व रालोद गठबंधन की चुनौतियों पर कहा कि ऐसा गठबंधन जो सिर्फ 37 और 38 सीटों पर लड़ रहा है। वह देश में सरकार कैसे बनाएगा…? केंद्र में सरकार बनाने के लिए 272 सीटें चाहिए। अगर केंद्र में गठबंधन की सरकार बनेगी तो लूट-खसोट और भ्रष्टाचार का दौर शुरू हो जाएगा।

बतौर मुख्यमंत्री प्रदेश में अपने दो वर्ष के कार्यकाल पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है। प्रदेश में प्रवासी भारतीय दिवस व प्रयागराज में कुंभ का आयोजन होना प्रदेश की व्यवस्था में आए परिवर्तन को बताता है।


Scroll To Top
Translate »