
लखनऊ । समाजवादी कुनबे में मचे घमासान का एक बड़ा प्रभावआज सामने आया है। इसके चलते सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने अपनी आजमगढ़ रैली स्थगित कर दी है। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले मुलायम के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में सपा के सभी चारों फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों ने इस्तीफा देकर मौजूदा हालात पर कड़ा विरोध जताया था।
कुनबे के इस घमासान से सपा का गढ़ रहा एक बार आजमगढ़ हिल गया। यहां समाजवादी छात्रसभा ने तीन दिन पहले बुधवार को अपना त्यागपत्र सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रेषित कर दिया था जबकि युवजन सभा, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड व लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष समेत इन चारों कमेटियों के सभी पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफा भेजा था। यही नहीं, जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से भी दर्जनों कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पक्ष में आवाज उठाते हुए खुद को संगठन से अलग कर लिया था। यहां की हालत में फिलहाल कोई बदलाव नहीं है।
आजमगढ़ की इस रैली से सपा का चुनावी बिगुल फूंका जाना था। इसी रैली के बाद सपा की चुनावी मुहिम शुरू होना माना जा रहा था। बहुजन समाज पार्टी ने आजमगढ़ से रैली के जरिए पहले ही शक्तिप्रदर्शन कर दिया था। सपा यहां भीड़ जुटाकर बसपा को करारा जवाब देने की तैयारी कर रही थी। इसी बीच सपा में मचे घमासान ने आजमगढ़ में बगावत जैसे हालात पैदा कर दिए और अंततः मुलायम सिंह को रैली स्थगित करनी पड़ी। यह रैली छह अक्टूबर को होनी थी। फिलहाल सियासी हलकों में रैली का स्थिगत होना सपा की चुनावी महिम के लिए बड़ा झटका है।
https://rashtriyadinmaan.com
