IPL फिक्सिंग: जस्टिस लोढ़ा ने सुनाया अहम फैसला, मयप्पन और राज कुंद्रा पर आजीवन बैन


 

2015_7image_08_38_187141933rajkundra-bनई दिल्ली: आईपीएल फिक्सिंग मामले में आज गुरुनाथ मयप्पन, राज कुंद्रा, चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स की सजा पर लोढ़ा कमेटी ने अपना अहम फैसला सुनाया। भारतीय क्रिकेट इतिहास में सबसे बड़ा फिक्‍सिंग कहे जाने वाला ‘आईपीएल फिक्‍सिंग’ पर सजा तय हो गई है।

मयप्पन और राज कुंद्रा पर आजीवन बैन
चेन्‍नई सुपरकिंग्‍स के मालिक (बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष) एन श्रीनिवासन के दामाद गुरुनाथ मयप्‍पन और राजस्‍थान रॉयल्‍स टीम के सह-मालिक राज कुंद्रा पर क्रिकेट से जुड़े कोई भी काम पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया है। मयप्पन और कुंद्रा अब क्रिकेट से दूर रहेंगे।

चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल्स पर भी पाबंदी
मयप्पन और राज कुंद्रा क्रमश: चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल्स से जुड़े थे, लिहाजा लोढ़ा कमेटी ने दोनों टीमों पर भी दो साल की पाबंदी लगा दी है। यानी महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई और रहाणे की राजस्थान अब दो साल तक आईपीएल नहीं खेल पाएगी।

दिल्ली में मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जस्टिस लोढ़ा ने कहा कि मयप्पन सट्टेबाजी के दोषी पाए गए हैं। उनके काम से बीसीसीआई, लीग और खेल की छवि को नुकसान पहुंचा है। कमेटी ने माना कि सीएसके का हिस्सा होते हुए मयप्पन ने खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई। उच्चतम न्यायालय ने इस साल जनवरी में इस समिति का गठन किया था ताकि यह तय किया जा सके कि मयप्पन, कुंद्रा और दो फ्रेंचाइजी, सीएसके की मालिक कंपनी इंडिया सीमेंट लिमिटेड और राजस्थान रायल्स की मालिक जयपुर आईपीएल को कितनी सजा दी जाए।

ये है पूरा मामला
यह स्पॉट फिक्सिंग का मामला आईपीएल सीजन-6 से जुड़ा हुआ है, जब दिल्ली पुलिस ने मुंबई से पूर्व टेस्ट क्रिकेटर एस श्रीसंत सहित राजस्थान रॉयल्स के तीन खिलाड़ियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक 2013 में मुंबई में राजस्थान रॉयल्स बनाम मुंबई इंडियंस, 5 मई को जयपुर में राजस्थान रॉयल्स बनाम पुणे वॉरियर्स और 9 मई को मोहाली में हुए राजस्थान रॉयल्स बनाम किंग्स इलेवन पंजाब के बीच हुए मैचों में स्पॉट फिक्सिंग की गई थी।


Scroll To Top
Translate »