लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने किया विभिन्न योजनाओं व पार्कों का निरीक्षण
जनेश्वर पार्क में गंदगी देख उपाध्यक्ष ने ठेकेदार को लगाई फटकार, एक सप्ताह में व्यवस्था ठीक करने का दिया अल्टीमेटम

लखनऊ| बसन्तकुंज योजना में प्रस्तावित राष्ट्र प्रेरणा स्थल का काम जल्द शुरू होगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने योजना से सम्बंधित टेंडर प्रक्रिया को एक सप्ताह में पूरा करके कार्य शुरू कराने के निर्देश दिये हैं। शनिवार को उपाध्यक्ष ने प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं व पार्कों का सिलसिलेवार निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्त विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराये जाएं।
सर्वप्रथम उपाध्यक्ष महोदय द्वारा गोमती नगर विस्तार स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क का निरीक्षण किया गया। पार्क में जगह-जगह गंदगी पायी गई और ट्वायलेट व पेयजल स्थल आदि भी गंदे मिले। इसके अलावा एक जगह पर कबाड़ एकत्रित मिला। इस पर उपाध्यक्ष ने सम्बंधित ठेकेदार को फटकार लगाते हुए उसे एक सप्ताह में व्यवस्था दुरूस्त करने का अल्टीमेटम दिया। उपाध्यक्ष ने कहा कि सफाई व्यवस्था के लिए पार्क को तीन सेक्टर में विभाजित किया गया है। इसी के अनुसार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर काम कराया जाए। इसके अलावा पार्क में कुछ जगहों पर पत्थर टूटे-फूटे मिले, जिन्हें उपाध्यक्ष ने तुरंत रिपेयर कराने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देशित किया कि पार्क की नर्सरी को सुदृढ़ करते हुए अलग-अलग प्रजाति के पौधों को विकसित करने का काम किया जाए। इसी क्रम में उन्होंने दुबग्गा स्थित जाॅगर्स पार्क का निरीक्षण किया। वहां भी साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पायी गई। इसके अलावा पत्थर, ट्रैक व लाइटें आदि क्षतिग्रस्त अवस्था में मिले। इस पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूरे पार्क का सर्वे कराया जाए, जिसमें सभी खामियों को चिन्हित करके मरम्मत आदि के कार्य तुरंत कराये जाएं। उन्होंने जाॅगर्स पार्क में वृक्षारोपण कराने के भी निर्देश दिये हैं।
ग्रीन काॅरिडोर प्रोजेक्ट के फेज-1 का निरीक्षणः
इसके बाद उपाध्यक्ष ने ग्रीन काॅरिडोर प्रोजेक्ट के सम्बंध में घैला और गऊ घाट पम्पिंग स्टेशन आदि क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने कहा कि ग्रीन काॅरिडोर प्रोजेक्ट के फेज-1 के अंर्तगत आई0आई0एम0 रोड से लेकर पक्का पुल तक निर्माण कार्य होना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यहां काम शुरू कराने की रूपरेखा जल्द तैयार करके उनके समक्ष प्रस्तुत की जाए। उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल की साइट का निरीक्षण किया। इसमें अधिकारियों द्वारा यह अवगत कराया गया कि प्रोजेक्ट का टेंडर हो गया है। इस पर उपाध्यक्ष ने उन्हें निर्देशित किया इसके टेक्निकल इवैल्युएशन की प्रक्रिया को अगले सप्ताह तक पूर्ण कराके फाइनेंसियल बिड खोलने की कार्यवाही की जाए।
प्रधानमंत्री आवासों का भी किया निरीक्षणः
इसके बाद उपाध्यक्ष ने बसन्तकुंज योजना में निर्मित प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण किया। यहां अधिकारियों द्वारा उन्हें यह अवगत कराया गया कि योजना में 2256 आवास बनाये गए हैं, जिनमें मेसर्स प्रताप हाइट्स को छोड़कर अन्य सभी कार्यदायी संस्थाओं ने अपने हिस्से के ब्लाॅकों में भवनों का निर्माण पूर्ण कर लिया है। इस पर उन्होंने मेसर्स प्रताप हाइट्स के प्रतिनिधि को जल्द काम पूरा करने की हिदायत दी। उन्होंने कालोनी में सुविधाओं को विकसित करते हुए शेष बचे सभी कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये।
देवपुर पाराः बिजली कनेक्शन कराने के निर्देश
उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी ने देवपुर पारा योजना में बने एस0एम0आई0जी0 भवनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत विभाग के साथ बैठक करके जल्द ही यहां बिजली कनेक्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाए। इसके अलावा ई0डब्ल्यू0एस0, एल0आई0जी0 और एम0एम0आई0जी0 भवनों के निर्माण के लिए टेंडर की कार्यवाही को जल्द करके कार्य शुरू कराया जाए। इस मौके पर उपाध्यक्ष द्वारा यहां पौधारोपण भी किया गया। उन्होंने योजना में पीपल के पेड़ लगाने के निर्देश दिये हैं। इस मौके पर अधिशासी अभियंता संजीव गुप्ता, सहायक अभियंता मांगेराम वर्मा, सहायक उद्यान अधिकारी कर्ण सिंह, ग्रीन कॉरिडोर प्रोजेक्ट के सदस्य अनिल कुमार सिंह सेंगर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
https://rashtriyadinmaan.com
