
: देश व्यापी संघर्ष की रणनीति तय होगी:
लखनऊ | सर्वजन हिताय संरक्षण समिति, उप्र के तत्वावधान में 28 सितम्बर को लखनऊ में हो रहे राष्ट्रीय सम्मलेन में पदोन्नति में आरक्षण व एस सी/एस टी एक्ट के विरोध में देश व्यापी संघर्ष का निर्णय लिया जायेगा। सम्मलेन में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी, अधिकारी, शिक्षक, अधिवक्ता और आम लोग सम्मिलित होंगे।
समिति के अध्यक्ष शैलेन्द्र दुबे ने बताया कि सम्मेलन के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश पुलिस के पूर्व महानिदेशक एम सी द्विवेदी होंगे। सम्मेलन में दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, झारखण्ड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और रेलवे के कर्मचारी, अधिकारी संगठनों के पदाधिकारी सम्मिलित होगें।
पदोन्नति में आरक्षण पर 20 सितम्बर को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिये गये निर्णय के परिप्रे्रक्ष्य में सम्मेलन का महत्व काफी बढ़ गया है। सम्मेलन में आ रहे देश भर के प्रतिनिधि, केन्द्र सरकार की पदोन्नति में आरक्षण देने की मांग का सशक्त प्रतिकार करने के लिए व्यापक जन-आंदोलन की रूपरेखा तय करेगें और तद्नुसार सम्मेलन में संघर्ष के कार्यक्रमों का ऐलान किया जायेगा।
समिति ने बताया कि केन्द्र सरकार के कुछ मंत्री सर्वोच्च न्यायालय के 26 सितम्बर के आदेश की मनमानी व्याख्या कर पदोन्नति में आरक्षण की व्यवस्था पुनः लागू करने की साजिश रच रहे हैं जिससे सामान्य व अन्य पिछड़ी जाति के कर्मचारियों, अधिकारियों एवं शिक्षकों में भारी गुस्सा व्याप्त है। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने एम नागराज के 2006 के निर्णय को बरकरार रखा है और उसकी पुनर्समीक्षा करने की केन्द्र सरकार की अपील खारिज कर दी है। सर्वोच्च न्यायालय ने पिछड़ेपन को प्रमाणित करने की शर्त में ढील जरूर दी है किन्तु साफ कर दिया है कि क्रीमी-लेयर को पदोन्नति में आरक्षण का लाभ नहीं दिया जायेगा। फिर भी सुप्रीम कोर्ट के निर्णय की मनमानी व्याख्या की जा रही है और पदोन्नति में आरक्षण लागू करने की कोशिशें हो रही हैं।
लखनऊ सम्मेलन में इन मामलों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिये जायेगें। लखनऊ सम्मेलन गन्ना संस्थान पे्रक्षागृह डालीबाग में प्रातः 11ः00 बजे से सायं 04 बजे तक चलेगा।
https://rashtriyadinmaan.com
