पटना। बिहार के पटना में सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दरबार में कुछ महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। पटना सिटी के कच्ची दरगाह इलाके की रहने वाली ये महिलाएं अपने मामले की सुनवाई नहीं होने से नाराज थीं। इलाके के कुछ दबंगों पर महिलाओं की जमीन हड़पने का आरोप है। जिले के तमाम अधिकारियों के दफ्तर का चक्कर काटने के चलते महिलाएं काफी परेशान आ गई थीं जिसके चलते महिलाएं जनता दरबार में मुख्यमंत्री के सामने गुहार लगाने पहुंची थीं और उन्होंने जनता दरबार में जमकर हंगामा किया।
हंगामे के बाद वहां मौजूद अधिकारियों ने महिलाओं को जनता दरबार से बाहर कर दिया। महिला की पहचान पटना के दीदारगंज में रहने वाली मुन्नी देवी के रूप में की गयी है। इससे पहले शिकायत पत्रों की सुनवाई सुबह साढ़े सात बजे से 11 बजे तक की गई जबकि 10.30 बजे से जनता दरबार में शिकायतें को सुनने की प्रक्रिया शुरू की गई। बहुत दिनों बाद जनता दरबार लगने से भीड़ बढ़ने की संभावनाओं के बीच हंगामे की भी आशंका जताई जा रही थी।
गौर हो कि विधानसभा चुनाव की तिथि घोषणा के बाद आदर्श आचार संहिता लागू हो जाने के कारण जनता दरबार को स्थगित कर दिया था। नयी सरकार के गठन के बाद यह पहला मौका है जब सीएम नीतीश कुमार जनता की समस्याओं को सुना।
https://rashtriyadinmaan.com

