
lucknow | लक्ष्य से कम वसूली करने पर जीडीए उपाध्यक्ष रितु माहेश्वरी सख्त नाराज हैं। उन्होंने प्रवर्तन अनुभाग के 12 इंजीनियरों को नोटिस देकर कम वसूली करने का स्पष्टीकरण मांगा है। इसका जवाब इंजीनियरों को एक हफ्ते के अंदर देना होगा।
जीडीए उपाध्यक्ष रितु माहेश्वरी ने ज्यादा से ज्यादा वसूली कर प्राधिकरण की आय बढ़ाने में जुटी हैं। उन्होंने सभी प्रवर्तन अनुभाग के प्रभारियों को ज्यादा से ज्यादा वसूली करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी आठ जोन प्रभारियों को हर महीने वसूली करने का लक्ष्य दिया जाता है। लेकिन पिछले दो महीने में प्रवर्तन अनुभाग के इंजीनियर वसूली करने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि पिछले दो महीनों में यह इंजीनियर लक्ष्य से मात्र 40 फीसदी तक ही वसूली कर सके हैं। इससे जीडीए उपाध्यक्ष ने काफी नाराजगी जताई है। उन्होंने विभिन्न जोन के 12 जूनियर और सहायक अभियंताओं को नोटिस देकर कम वसूली का कारण पूछा है। इन इंजीनियरों को एक हफ्ते के अंदर इसका स्पष्टीकरण देना होगा। इसमें सबसे ज्यादा जोन तीन के इंजीनियर शामिल है।
सूत्रों का कहना है कि स्पष्टीकरण से जीडीए उपाध्यक्ष संतुष्ट नहीं हुई तो इनका वेतन भी रोका जा सकता है। जीडीए के सचिव संतोष कुमार राय का कहना है कि काम में लापरवाही करने वाले इंजीनियरों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि जीडीए उपाध्यक्ष रितु माहेश्वरी वसूली को लेकर ज्यादा ही सख्त है। लेकिन कंपाउंडिंग शुल्क की वसूली नहीं करने से जीडीए उपाध्यक्ष नाराज चल रही है। उन्होंने एक साल में 400 करोड़ रुपये वसूलकर जीडीए खाते में जमा कराने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए प्रवर्तन अनुभाग को हर महीने अलग से लक्ष्य दिया जा रहा है। लक्ष्य से कम वसूली करने पर पिछले दिनों आठ इंजीनियरों का वेतन भी रोका था।
https://rashtriyadinmaan.com
