
लखनऊ: प्रदेश के मुख्य सचिव श्री राजीव कुमार ने निर्देश दिये हैं कि कानपुर शहरी क्षेत्र के आंतरिक यातायात को सुगम बनाने के लिये वर्ली सी लिंक मुम्बई की तर्ज पर गंगा लिंक एक्सप्रेस-वे के प्रस्ताव का परीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही यथाशीघ्र सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि विभागों से प्राप्त सुझावों को सम्मिलित करते हुए यूपीएसआईडीसी नोडल एजेन्सी के रूप में कार्य कर यथाशीघ्र डीपीआर बनाकर प्रस्तुत करे। उन्होंने कहा कि कानपुर शहर की घनी आबादी को दृष्टिगत रखते हुए बेहतर यातायात नगरवासियों को उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्यवाहियां प्राथमिकता से सुनिश्चित कराई जाएं।
मुख्य सचिव आज शास्त्री भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में कानपुर नगर के आंतरिक क्षेत्रों में सुगम यातायात को दृष्टिगत रखते हुए गंगा लिंक एक्सप्रेस-वे (इनर-रिंग रोड) के प्रस्ताव पर विभागीय अधिकारियों की बैठक कर आवश्यक निर्देश दे रहे थे।
बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने हेतु वर्ली सी लिंक मुम्बई की तर्ज पर गंगा लिंक एक्सप्रेस-वे का प्रस्ताव यूपीएसआईडीसी, कानपुर क्षेत्र के सलाहकार श्री नीरज श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत किया गया। उन्होंनें बताया कि कानपुर शहर जो कि घनी आबादी के होने के कारण इसका शहरी यातायात अत्यन्त धीमा एवं जामयुक्त हो चुका है उसको तीव्रगामी कनेक्टिविटी देने के लिये यह एलिवेटेड रोड अत्यन्त उपयोगी होगा और शहर के लगभग प्रत्येक बिन्दु से कहीं भी जाने के लिए तीव्रगामी कनेक्टिविटी हो जाएगी और हाई-वे पर होने वाली दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
बैठक में मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यूपीडा श्री अवनीश कुमार अवस्थी, सचिव, लोक निर्माण विभाग श्री समीर वर्मा, सचिव, नगर विकास श्री जी.एस. प्रियदर्शी, प्रबन्ध निदेशक, यूपीएसआईडीसी श्री रणवीर प्रसाद, पुलिस महानिरीक्षक, कानपुर क्षेत्र श्री आलोक सिंह, जिलाधिकारी, कानपुर नगर श्री सुरेन्द्र सिंह, उपाध्यक्ष, कानपुर विकास प्राधिकरण, सुश्री सौम्या अग्रवाल, सलाहकार, यूपीएसआईडीसी कानपुर क्षेत्र श्री नीरज श्रीवास्तव, नगर आयुक्त कानपुर नगर, श्री संतोष कुमार शर्मा, एनएचएआई एवं लोक निर्माण विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com
