ओ.डी.एफ. घोषित होने वाले जनपदों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत भी कराया जाए: राजीव कुमार


DSC_0673
भारत सरकार के सचिव, पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय, 
श्री परमेश्वरन अय्यर के साथ मुख्य सचिव की बैठक
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव श्री राजीव कुमार ने निर्देश दिये हैं कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अन्तर्गत निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 50 प्रतिशत से कम लगभग 25 जनपदों में कार्य योजना के तहत अभियान चलाकर शत-प्रतिशत कार्य आगामी दिसम्बर, 2018 तक पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य योजना के तहत ओ.डी.एफ. घोषित होने वाले जनपदों के मेहनती एवं कर्मठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों हेतु पुरस्कृत भी कराया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य योजना के तहत आगामी दिसम्बर, 2018 तक शत-प्रतिशत जनपद ओ.डी.एफ. घोषित कराने हेतु प्रतिदिन लगभग 50 हजार व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण कराये जाने का लक्ष्य निर्धारित कर कार्यों मेें तेजी लाई जाए।
मुख्य सचिव आज शास्त्री भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष के सभागार में भारत सरकार के सचिव, पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय, श्री परमेश्वरन अय्यर के साथ बैठक कर स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आकांक्षात्मक जनपदों की साप्ताहिक समीक्षा में तीन बिन्दुओं क्रमशः स्वच्छाग्रही, मानदेय भुगतान एवं राज मिस्त्रियों पर विशेष समीक्षा की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि निर्धारित लक्ष्य को निर्धारित अवधि में पूर्ण करने हेतु प्रत्येक सप्ताह 3 लाख 50 हजार शौचालयों का निर्माण कराये जाने हेतु अभियान में तेजी लाई जाए।
अपर मुख्य सचिव, पंचायती राज श्री चंचल कुमार तिवारी ने बताया कि प्रदेश के 25 जनपद-मैनपुरी, बहराइच, प्रतापगढ़, बदायूं, बलरामपुर, फिरोजाबाद, सम्भल, अलीगढ़, लखनऊ, चन्दौली, फतेहपुर, इलाहाबाद, गोण्डा, चित्रकूट, महराजगंज, लखीमपुर खीरी, हरदोई, मऊ, बस्ती, फैजाबाद, बलिया, आजमगढ़, सीतापुर, बाराबंकी एवं सुल्तानपुर में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) योजनान्तर्गत 50 प्रतिशत से कम शौचालयों का निर्माण होने की स्थिति पर लक्षित शौचालयों के निर्माण कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित लक्ष्य को पूर्ण करने हेतु विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिये गए।

Scroll To Top
Translate »