सा‌हित्‍य सम्मान लौटाने वालों पर संघ का हमला


rss

नई दिल्ली |    साहित्यकारों और लेखकों के साथ सम्मान लौटाने की मुहिम में वैज्ञानिकों का जुड़ना संघ को नागवार गुजरा है। संघ सम्मान लौटाने की मुहिम पर तीखा हमला बोलने के साथ अब पलटवार की तैयारी में जुट गया है। सम्मान लौटा रहे साहित्यकारों के खिलाफ अब भगवा परिवार अपने समर्थक चेहरों को भी मैदान में उतारेगा। परदे के पीछे इसकी रणनीति जोरों पर है।

साहित्य और कला के क्षेत्र में कार्य कर रही संघ की संस्कार भारती ने इस बाबत अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। आगामी शनिवार यानी 7 नवंबर को भगवा परिवार की समर्थक हस्तियां सम्मान लौटा रहे साहित्यकारों के खिलाफ सड़क पर उतरेंगी।

यह आयोजन राष्ट्रीय महत्व से जुडे़ नेशनल म्यूजियम के बाहर किया जाएगा। बताया जा रहा है कि इस आयोजन में मशहूर अभिनेता अनुपम खेर, फिल्म जगत से जुडे़ मधुर भंडारकर, अशोक पंडित, साहित्यकार एवं बुद्धिजीवी नरेंद्र कोहली और डीपी सिन्हा सरीखे चेहरे इस अभियान में सड़क पर उतरेंगे।

साहित्यकारों के सम्मान वापसी को साजिश करार दे रहे संघ परिवार की मंशा इस कदम पर आरपार करने की है। देश के नामीगिरामी चेहरों को विरोध अभियान में शामिल करने की मुहिम में संस्कार भारती ने कमर कस तैयारी की है।


Scroll To Top
Translate »