टीम अखिलेश में 12 नए चेहरे, 9 मंत्रियों का प्रमोशन


cm-new-ministerमुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंत्रिपरिषद का पुनर्गठन कर दिया है। शनिवार को छठे विस्तार में 12 नए चेहरों को टीम में जगह मिली तो नौ राज्यमंत्रियों को प्रमोशन मिला। इस विस्तार के बाद अखिलेश मंत्रिपरिषद की संख्या 58 हो गई है।

बलवंत सिंह रामूवालिया व साहब सिंह सैनी को नया कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। सिख समुदाय के बलवंत का नाम सबसे ज्यादा चौंकाने वाला है। एक तो वे यूपी के नहीं, पंजाब के हैं। दूसरे वे दोनों सदनों में से किसी के भी सदस्य नहीं हैं। इन सभी मंत्रियों को शनिवार को राजभवन में शपथ दिलाई गई। किसे मंत्री बनाया जा रहा है, यह लोगों को सुबह तक नहीं पता था।

यही कारण है कि सबकी निगाहें गांधी सभागार में शपथ लेने वाले मंत्रियों के लिए रखी कुर्सियों पर ही टिकी थीं। करीब सवा 10 बजे शपथ लेने वाले सभी मंत्री जब इन कुर्सियों पर बैठ गए तब जाकर अटकलों पर विराम लगा। कई मौजूदा मंत्री कैबिनेट में नई एंट्री लेने जा रहे लोगों को शपथ से पहले ही बधाई तक देने पहुंच गए।

मुख्य सचिव आलोक रंजन ने सबसे पहले कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने वालों का नाम पुकारा। इसके बाद राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और अंत में राज्यमंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरा सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।


Scroll To Top
Translate »