उ0प्र0 स्टार्टअप नीति के अन्तर्गत इन्क्यूबेटर्स/स्टार्टअप को 02 करोड़ 87 लाख रु0 से अधिक की प्रोत्साहन राशि के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए, युवाओं से संवाद किया

लखनऊ | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आगामी 14 जनवरी से प्रदेशव्यापी स्वच्छता अभियान प्रदेश सरकार शुरू करने जा रही है। इस स्वच्छता अभियान से विद्यार्थी, युवक मंगल दल, महिला मंगल दल सहित सभी लोग जुडें़। ए0के0टी0यू0 के विद्यार्थी, अन्य तकनीकी व उच्च शिक्षण संस्थानो के विद्यार्थी सॉलिड और लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट के कम लागत के छोटे-छोटे देशी मॉडल विकसित करें। हर गांव के वेस्ट और ड्रेनेज मैनेजमेंट के लिए यह सस्टेनेबल मॉडल लागू किए जाएं।
मुख्यमंत्री आज यहां डॉ0 ए0पी0जे0 अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (ए0के0टी0यू0) परिसर में स्वामी विवेकानन्द जी की जयन्ती राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य स्तरीय विवेकानन्द यूथ अवॉर्ड 2022-23 प्रदान किए तथा स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना के अन्तर्गत विद्यार्थियों को टैबलेट/स्मार्टफोन वितरित किए। मुख्यमंत्री ने ‘माई भारत पोर्टल’ के माध्यम से स्वच्छता सम्बन्धी गतिविधियों का शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री ने ए0के0टी0यू0 के 05 संस्थानों के इन्क्यूबेटर्स और 02 स्टार्टअप को उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति के अन्तर्गत 02 करोड़ 87 लाख रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने युवाओं से संवाद भी किया। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने स्वामी विवेकानन्द जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय युवा दिवस की बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्र ऋषि स्वामी विवेकानन्द जी कोटि-कोटि युवाओं के प्रेरणा स्रोत हैं। स्वामी विवेकानन्द जी ने भारत सहित पूरी दुनिया को एक नई राह दिखाई। ‘उठो, जागो और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरन्तर प्रयास करो’ का उनका संदेश हमारे युवाओं को नई राह दिखाता है। शिकागो विश्व धर्म सम्मेलन में उनका वक्तव्य ‘गर्व से कहो, हम हिंदू हैं’, हमें प्रेरणा प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदू जाति, मत, मजहब नहीं बल्कि जीवन पद्धति है। यह जीवन पद्धति व्यक्ति व मानव मात्र को जीने की राह दिखाती है। विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है। जब भी विश्व मानवता के कल्याण का मार्ग निकलेगा, कोई बुद्ध या विवेकानंद भारत से ही यह संदेश देने जाएगा।
हम सभी युवाओं को यह बात ध्यान रखनी चाहिए कि हर राह अपनी मंजिल तक पहुंचती है। हमारी मंजिल या हमारा लक्ष्य क्या है, यह तय करके लक्ष्य तक पहुंचने के सही मार्ग चुनते हुए उस मार्ग पर पूरी तत्परता से बढ़ेंगे, तो मंजिल अवश्य प्राप्त होगी। किसी भी कार्य में समस्याएं तो आती हैं, लेकिन समस्याओं से हारना नहीं चाहिए, बल्कि समस्याओं की पड़ताल कर, उनके समाधान का रास्ता चुनते हुए हमें आगे बढ़ना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई के समय स्वामी विवेकानन्द ने युवाओं और देशवासियों का आह्वान किया कि यदि पूरा भारत एकजुट होकर आजादी की लड़ाई के लिए चिन्तन प्रारम्भ कर दे, तो अगले 50 वर्षों में दुनिया की कोई ताकत देश को आजाद होने से रोक नहीं पाएगी। परिणामतः 15 अगस्त, 1947 को भारत स्वतंत्र हो गया।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में युवाओं के सामने पंचप्रण का लक्ष्य रखा है। भारत विकसित और आत्मनिर्भर हो, गुलामी के हर अंश से मुक्ति, अपनी विरासत पर गौरव की अनुभूति करना, एकता और एकजुटता के साथ आगे बढ़ाना तथा नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन करना हमारे पंचप्रण हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश, आने वाले दिनों में प्रदेश सहित देश व दुनिया के नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराएगा। राज्य सरकार ने नई नीतियों का निर्माण किया है। तकनीक का उपयोग करते हुए पारदर्शी व्यवस्था स्थापित की है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की दिशा में बेहतर कार्य किया है। आज उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था देश में दूसरे नम्बर की अर्थव्यवस्था बन चुकी है। इसका श्रेय हमारे नौजवानों को जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 31.5 करोड़ पर्यटक/श्रद्धालु आए हैं। यह बदलते उत्तर प्रदेश की नई तस्वीर है। पर्यटकों/श्रद्धालुओं की बढ़ती हुई संख्या हमारी अर्थव्यवस्था को भी मजबूत कर रही है। राज्य सरकार ने उत्तर प्रदेश के इस पोटेंशियल को विकसित किया है। डबल इंजन सरकार ने अपने धर्म स्थलों को तैयार किया है और नागरिक सुविधाओं में वृद्धि की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ धाम में 50 हजार श्रद्धालु एक साथ एकत्र हो सकते हैं। केदारनाथ धाम का पुनरुत्थान किया गया। उज्जैन में महाकाल के महालोक का निर्माण किया गया है। अयोध्या में 500 वर्षों के बाद भगवान श्रीराम की उनके भव्य मन्दिर में प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। नव्य एवं दिव्य अयोध्या त्रेताकालीन अयोध्या के दर्शन करा रही है। अयोध्या में चहुंओर विकास कार्य किए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में अयोध्या दुनिया के टूरिस्ट मैप में सबसे बेहतरीन टूरिस्ट स्पॉट होगी। जब हम एक सुर में एकजुट होकर कार्य करते हैं, तो उसके बेहतर परिणाम सामने आते हैं। विरासत का सम्मान किस प्रकार होता है, अयोध्या इसका सर्वोत्तम उदाहरण है।
कार्यक्रम को प्राविधिक शिक्षा मंत्री श्री आशीष पटेल तथा खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चन्द्र यादव ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त श्री मनोज कुमार सिंह, ए0के0टी0यू0 के कुलपति प्रो0 जे0पी0 पाण्डेय, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना श्री संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण श्री आलोक कुमार, प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा श्री एम0 देवराज, प्रमुख सचिव आई0टी0 एवं इलेक्ट्रॉनिक्स श्री अनिल कुमार सागर, सचिव खेल एवं युवा कल्याण श्री सुहास एल0वाई0 सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी व विद्यार्थीगण उपस्थित थे।
https://rashtriyadinmaan.com
