
लखनऊ | जापान में भारत के दूतावास ने आज वीसीसी ऑडिटोरियम, टोक्यो में एक वर्चुअल संवाद का आयोजन किया, जिसमें भारत और जापान के बीच बढ़ती हुई साझेदारी पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ। इस अवसर पर एक निर्णायक वर्चुअल प्रस्तुतिकरण में इन्वेस्ट इंडिया की उपाध्यक्ष सुश्री सुनीता मोहंती ने दोनों देशों के बीच समृद्ध साझेदारी से उत्पन्न होने वाले निवेश के अवसरों को स्पष्ट किया। उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय मुख्यमंत्री के आर्थिक सलाहकार श्री केवी राजू की इस विषय पर व्यापक प्रस्तुति से सत्र को और गति मिली।
“गंतव्य उत्तर प्रदेश” पर अपने संबोधन के दौरान, श्री केवी राजू ने भारत की प्रगति में राज्य के उल्लेखनीय योगदान को रेखांकित कर कहा कि उत्तर प्रदेश एक आर्थिक पावरहाउस के रूप में उभर रहा है, जो भारत की जीडीपी में 9.2% का योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 14% की दर से प्रभावशाली आर्थिक वृद्धि, पांच वर्षों में निर्यात में 11.2% की वृद्धि और एक मजबूत अवस्थापना तंत्र का नेटवर्क उत्तर प्रदेश एवं भारत को एक आर्थिक शक्ति के रूप में उभरने में सहयोग कर रहा है। चार परिचालित एवं एक प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे वाला उत्तर प्रदेश, अपनी नीति-आधारित शासन व्यवस्था, 26 से अधिक क्षेत्रीय निवेश नीतियों और एफडीआई को आकर्षित करने के लिए समर्पित नीति के साथ निवेशकों के लिए एक आकर्षक निवेश गंतव्य बनकर उभरा है। केवी राजू ने कहा, राज्य में वैश्विक निवेशकों को आकर्षित करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष ‘एफडीआई, फॉर्च्यून ग्लोबल 500 और फॉर्च्यून इंडिया 500 कंपनियों की निवेश प्रोत्साहन नीति 2023’ घोषित की है।
श्री राजू ने प्रमुख इकोनॉमिक जोन्स तथा एक्सप्रेसवे/कॉरिडोर्स के निकट उपलब्ध 46,000 एकड़ से अधिक विशाल भूमि बैंक के विषय में विस्तार से बताया।
इसके अतिरिक्त, उत्तर प्रदेश में निवेश की प्रक्रिया का सरलीकरण डिजिटल गवर्नेंस से रफ्तार पकड़ रहा है, जिसका लक्ष्य संपूर्ण निवेश अवधि प्रबंधन के जरिए व्यापार परिवेश बेहतर करना है। इसमें निवेशकों की सुविधा हेतु बने ‘निवेश मित्र’ तथा ‘निवेश सारथी’ जैसे ऑनलाइन पोर्टल शामिल हैं।
इस आयोजन के दौरान यामानशी हाइड्रोजन कंपनी के प्रेसिडेंट श्री हिरोकी नाकाज़वा (Hiroki Nakazawa) तथा निप्रो कॉर्पोरेशन के ग्लोबल बिजनेस डिविजन मैनेजर श्री ताकुया मियाताके (Takuya Miyatake) जैसे प्रमुख जनों ने अपने प्रस्तुतिकरण प्रस्तुत किए। टोक्यो इलेक्ट्रोन टेक्नोलोजी सॉल्यूशन्स लिमिटेड के प्रेसिडेंट युइचिरो मोरोजुमी (Yuichiro Morozumi) ने भी इस सहभागिता पर अपने विचार साझा किए।
इसके पूर्व, इस आयोजन की शुरुआत भारत के लिए भारत के जापान में राजदूत माननीय श्री सीबी जॉर्ज के संबोधन से हुई। इसके बाद चंद्रयान 3 की सफलता को प्रदर्शित करता लुभावना वीडियो तथा वॉइसेस ऑफ ग्लोबल साउथ समिट की झलकियां दिखायी गईं। इसके उपरांत यामानाशी प्रीफेक्चर पर उनके व्यापार एवं पर्यटन के अवसरों को व्यापक तौर पर प्रदर्शित करता प्रस्तुतिकरण प्रस्तुत किया गया। यह प्रस्तुतिकरण यामानाशी प्रीफेक्चुरल सरकार के संस्कृति, पर्यटन एवं खेल विभाग के पर्यटन डिविजन के निदेशक श्री हिसाशी यानो (Hisashi Yano) ने प्रस्तुत किया।
यह भव्य आयोजन भारत-जापान की भागीदारी तथा सहभागिता को मजबूत करने तथा यामानाशी प्रीफेक्चर एवं उत्तर प्रदेश में निवेशकों के लिए उपलब्ध विविध अवसरों को प्रदर्शित करता है।
https://rashtriyadinmaan.com
