मुख्यमंत्री ने नवरात्रि पर प्रदेश की सभी शक्ति पीठों में दर्शनार्थियों के लिए आवश्यक जन सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए


YOGI-PC
हर स्तर पर सुरक्षा प्रबन्ध चाक-चैबन्द रखने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगाह रखने के भी निर्देश
कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी
लखनऊ:उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री आदित्यनाथ योगी ने नवरात्रि के अवसर पर प्रदेश की सभी शक्ति पीठों में दर्शनार्थियों के लिए आवश्यक जन सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हर स्तर पर सुरक्षा प्रबन्ध चाक-चैबन्द रखने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगाह रखने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि नवरात्रि पर्व के दौरान विन्ध्याचल, देवीपाटन, शाकुम्भरी देवी (सहारनपुर) आदि शक्ति पीठों सहित प्रदेश के समस्त जनपदों के महत्वपूर्ण मन्दिरों में भी साफ-सफाई, पेयजल तथा बिजली आदि की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, यातायात प्रबन्ध पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई असुविधा न हो। मन्दिर परिसरों में श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रण हेतु आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग आदि के प्रबन्ध सुनिश्चित कर लिए जाएं।
यह जानकारी देते हुए शासन के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि मुख्यमंत्री ने कहा है कि नवरात्रि के अवसर पर दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं एवं वरिष्ठ नागरिक भी शक्ति पीठों के दर्शन के लिए आते हैं। इसलिए इस मौके पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसी प्रकार राम नवमी के दृष्टिगत अयोध्या में भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ सुरक्षा के पर्याप्त प्रबन्ध किए जाएं।
उन्होंने कहा कि राम नवमी के अवसर पर अयोध्या में देश एवं विदेशों से बड़ी संख्या में दर्शनार्थी आते हैं। इसलिए इस मौके पर अयोध्या में जहां गुणवत्तापरक जन सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है, वहीं तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त सतर्कता भी बरती जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए शुद्ध पीने के पानी के साथ-साथ स्थानीय राजकीय चिकित्सालयों में पर्याप्त दवाइयों एवं चिकित्सकों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आगाह किया है कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Scroll To Top
Translate »