
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कैराना लोकसभा और नूरपुर विधानसभा उपचुनाव में आरएलडी को मिली जीत पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी पर कटाक्ष किया है. उन्होंने कहा कि बीजेपी जो खेल हमारे साथ खेलती थी, वहीं खेल अब हम उनके साथ खेल रहे हैं. उन्होंने पीएम मोदी की भाषा में व्यंग्य किया, ‘ये कहा गया कि किसानों का कर्ज माफ होगा, पर हुआ क्या? बल्कि किसानों की जान चली गई. ये बहुत बड़ा धोखा है.’ अखिलेश यादव ने इस जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं और वोटरों को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि यह उन लोगों की हार है जो लोकतंत्र में विश्वास नहीं रखते हैं. बीजेपी ने जनता को ठगने का काम किया है. ठगने के कारण जनता ने बीजेपी को हरा दिया है.
बता दें कि 28 मई को कैराना लोकसभा और नूरपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुए थे. इन चुनावों के परिणाम आज घोषित किए. नतीजों में कैराना में बीजेपी प्रत्याशी मृगांका सिंह को राष्ट्रीय लोकदल प्रत्याशी तबस्सुम हसन के हाथों हार का सामना करना पड़ा. तबस्सुम को सपा, कांग्रेस, बीएसपी और आम आदमी पार्टी का भी समर्थन प्राप्त था. इस सीट पर बीजेपी सांसद हुकुम सिंह की मौत के बाद चुनाव कराए गए थे. बीजेपी ने उनकी बेटी मृंगाका को टिकट दिया था.
कैराना में रालोद प्रत्याशी तबस्सुम हसन ने बीजेपी प्रत्याशी मृगांका सिंह को हरा दिया है. तबस्सुम हसन ने बीजेपी की मृगांका सिंह को करीब 55000 वोटों से हराया है. नूरपुर में सपा के नईमुल हसन ने बीजेपी की अवनी सिंह को करीब 6200 वोटों से हराया है.
मृगांका सिंह चुनावी नतीजे आने से पहले ही अपनी हार कबूल कर ली थी. कैराना उपचुनाव में रालोद की जीत को लेकर जयंत चौधरी ने कहा कि इस चुनाव में जिन्ना की हार हुई और गन्ना की जीत हुई है.
https://rashtriyadinmaan.com
