
कोलकाता| पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के माझेरहाट में एक पुल गिर गया है। जानकारी के मुताबिक, पुल के मलबे के नीचे बहुत सारे लोग और गाड़ियां दबी हुई हैं। डिजास्टर मैनेजमेंट की टीम राहत और बचाव कार्य में जुट गई है। पास में सेना का कैंप भी है। उनसे भी मदद मांगी गई है। हादसे में एक शख्स की मौत हो गई है। पीएम नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। पश्चिम बंगाल के फिरहाद खान का कहना है कि पुल के नीचे दबे सभी घायल निकाल लिए गए हैं। पुल गिरने के कारण सर्कुलर रेलवे की सेवा पर भी असर पड़ा है और ईएमयू सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
दुर्घटना में एक की मौत, 16 घायल
कोलकाता के पुलिस आयुक्त ने बताया कि हादसे में एक शख्स की मौत हो गई है जबकि 16 अन्य घायल हैं। 9 घायलों को SSKM अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सात अन्य घायलों को CMRO अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताया
पीएम नरेंद्र मोदी ने कोलकाता पुल हादसे पर दुख जताया है। पीएम ने ट्वीट कर कहा, ‘कोलकाता में पुल का एक हिस्सा गिरना दुर्भाग्यपूर्ण है। पीड़ित के परिवारवालों के प्रति मेरी संवेदना है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’
सीएम ममता बनर्जी ने राहत एवं बचाव कार्य के साथ मामले की जांच के आदेश भी दे दिए हैं। बीजेपी ने इस हादसे के लिए पश्चिम बंगाल की ममता सरकार पर हमला बोला है। बीजेपी सांसद रूपा गांगुली ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा है कि ममता बनर्जी की सरकार इस दुर्घटना से हुए नुकसान को कम करके बताएगी। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को केवल सीएम की कुर्सी से मतलब है।
दक्षिण कोलकाता के माझेरहाट में मंगलवार को एक पुल का एक हिस्सा गिरने से सर्कुलर रेलवे की सेवाएं प्रभावित हुई हैं। पूर्व रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि पुल का एक हिस्सा ढह जाने से शाम पौने पांच बजे से ईएमयू लोकल सेवा बंद कर दी गई है। उन्होंने कहा, हालांकि उसी रास्ते से गुजरने वाली अन्य ट्रेनों की सेवा प्रभावित नहीं हुई है।
तस्वीरों में देखा जा सकता है कि इस पुल के बगल में कुछ निर्माण कार्य भी चल रहा है। बताया गया है कि यह पुल बेहाना और इकबाल इलाके को आपस में जोड़ता है। दुर्घटना के कारण पुल पर मौजूद गाड़ियां फंस गई हैं। बारिश के चलते पुल गिर जाने के बाद कोलकाता पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार के साथ-साथ पुलिस और पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं।
https://rashtriyadinmaan.com
