जमानत पर रिहा लोग जनता के विकास को रोकना चाहते हैं : प्रधानमंत्री मोदी


modi_yogi_1531536779_618x347

 

आजमगढ़  |  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्वी भारत में अब विकास की एक नई गंगा बहेगी। यह गंगा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के तौर पर आपको मिलने जा रही है। उन्होंने कहा कि इस गंगा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही बुंदेलखंड में भी ऐसा ही एक्सप्रेस-वे बनाने का निर्णय लिया जाएगा।

उन्होंने संबोधन की शुरुआत अपने चिर-परिचित अंदाज में  करते हुए कहा कि मैं इस धरती को प्रणाम करता हूं। उन्होंने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के गांव अब विकास के केंद्र बनेंगे और सबसे बड़ी बात ये है कि इस एक्सप्रेस-वे के बन जाने से इस क्षेत्र के लोगों के समय की बचत होगी। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 23,000 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जाएंगे। लखनऊ से लेकर गाजीपुर के रास्ते में जितने भी शहर-कस्बे और गांव आएंगे, वहां की तस्वीर बदलने जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी द्वारा रोजगार के नए अवसर पैदा करना और देश के किसान, गरीब और पिछड़ों का जीवनस्तर सुधारने की लगातार कोशिश की जा रही है।

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में जिस तरह से योगी आदित्यनाथ की सरकार ने उत्तर प्रदेश में काम किया है, वह अभूतपूर्व है। योगी जी ने बड़े से बड़ा निवेश लाने और छोटे से छोटे उद्यमी के लिए व्यापार को सुगम बनाने का काम किया है। आज उत्तर प्रदेश में जनता का पैसा जनता की भलाई के लिए प्रयोग हो रहा है। सरकार की नई कार्य संस्कृति प्रदेश को नई उंचाइयों पर लेकर जाएगी। जबकि पहले की सरकार की नीतियां ऐसी रहीं हैं कि उत्तर प्रदेश विकास के दौर में हमेशा पीछे रहा।

उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए कहा कि 2014 से पहले देश में जितनी लम्बाई के राष्ट्रीय राजमार्ग थे आज वो दोगुने हो चुके हैं। आजादी के बाद जितना काम हुआ, उतना भाजपा सरकार ने सिर्फ 4 साल में करके दिखाया है। उन्होंने (कांग्रेस) तो सिर्फ अपने परिवार का ही भला किया है। उन्होंने कहा कि विकास के लिए नीयत होनी चाहिए।

पीएम मोदी ने कहा कि जब भाजपा सरकार ने तीन तलाक का कानून लाने की कोशिश की तो कांग्रेस ने उसमें अड़चन पैदा की। कांग्रेस मुस्लिमों की पार्टी है। लेकिन कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि उनकी पार्टी केवल मुस्लिम पुरुषों की है या महिलाओंं की भी है। कांग्रेस जैसे दल आज 21वीं सदी में भी 18वीं सदी की तरह जी रहे हैं।

उन्होंने सपा और बसपा पर भी हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग कभी एक दूसरे को देखना पसंद नहीं करते थे वो अब एक साथ हो गए हैं। जितने भी लोग जमानत पर हैं, जितने भी परिवाद वाले लोग हैं वो जनता के विकास को रोकना चाहते हैं।


Scroll To Top
Translate »