गोरखपुर में खाद कारखाने की स्थापना से लोगों को रोजगार मिलेगा—— मुख्यमंत्री योगी


(6)
लखनऊ:उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा है कि जनपद गोरखपुर में स्थापित किए जाने वाले खाद कारखाने से लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। इस कारखाने में आधुनिक तकनीक के यन्त्रों का उपयोग करके यूरिया का उत्पादन किया जाएगा, यहां पर 98 प्रतिशत अमोनिया का यूरिया बनाया जाएगा। साथ ही, प्राकृतिक तरीके से गंधक निकालकर यूरिया में प्रयोग किया जाएगा। कारखाने में गंधक निकालने के लिए जो तकनीक अपनाई जाएगी, उससे आस-पास कोई भी प्रदूषण नहीं फैलने पाएगा और दुष्प्रभाव भी नहीं पड़ेगा। इस खाद कारखाने में लगभग 13 लाख मी0टन यूरिया का उत्पादन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री  आज जनपद गोरखपुर में फर्टिलाइजर कैम्पस के अन्दर हिन्दुस्तान उर्वरक एवं रसायन लि0 आई0ओ0सी0, सी0आई0एल0 तथा एफ0सी0आई0एल0 के संयुक्त उपक्रम से स्थापित किए जा रहे फर्टिलाइजर संयंत्र में भूमि समतलीकरण विकास एवं गैस प्राप्ति केन्द्र के भूमि पूजन कार्यक्रम के उपरान्त आम जन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लगभग 3250 लाख रुपए की लागत से समतलीकरण का कार्य किया जाएगा। जगदीशपुर-फूलपुर-हल्दिया पाइप लाइन द्वारा प्राप्त प्राकृतिक गैस से अमोनिया और यूरिया का उत्पादन किया जाएगा।
योगी  ने कहा कि एफ0सी0आई0 शीघ्र ही कैम्पस में केन्द्रीय विद्यालय के निर्माण का पूरा प्रस्ताव बनाकर भेजे, जिससे कारखाने में काम करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों सहित अन्य लोगों के बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त कर सकें।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार विकास का कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार किसानों एवं समाज के पिछड़े व कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। गन्ना किसानों के लिए विकास की कई योजनाएं बनाई गई हैं। किसानों का ऋण माफ किया गया है तथा किसानों की आय को दोगुना करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। पिछली बार से अधिक गेहूं खरीद कर किसानों का पैसा सीधे उनके खाते में भेजा गया है। उन्होंने आई0ओ0सी0 के अधिकारियों से कहा कि बायो डीजल उत्पादन के लिए कार्य करें। राज्य सरकार इसमें हर प्रकार का सहयोग करेगी।
इस अवसर पर सांसद डाॅ0 महेन्द्रनाथ पाण्डेय ने गोरखपुर की जनता को खाद कारखाना परियोजना के लिए बधाई दी। एच0यू0आर0एल0 के सी0एम0डी0 ने अपने सम्बोधन में कहा कि 3 वर्षों में फैक्ट्री का कार्य पूर्ण कर उत्पादन आरम्भ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कारखाने के सम्बन्ध में लगातार सहयोग प्रदान करती रही है।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, शासन-प्रशासन तथा एच0यू0आर0एल0 एवं आई0ओ0सी0 के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Scroll To Top
Translate »