लखनऊ। उत्तर प्रदेश के चर्चित पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी के बेटे और बहू की कार फीरोजाबाद के सिरसागंज में हादसे का शिकार हो गई। हादसे में उनकी बहू सारा की मौत हो गई जबकि बेटे को चोटें आई हैं। सारा पति के साथ लखनऊ से दिल्ली जा रही थीं। घटना की जानकारी पर परिजन फीरोजाबाद के लिए रवाना हो चुके थे। बसपा सरकार में मंत्री रहे अमरमणि त्रिपाठी के इकलौते पुत्र अमनमणि त्रिपाठी गुरुवार दोपहर अपनी पत्नी सारा (२४) के साथ स्विफ्ट डिजायर कार संख्या यूपी ५३ बीआर ००८० द्वारा लखनऊ से दिल्ली जा रहे थे। दोपहर करीब दो बजे जब उनकी कार थाना सिरसागंज क्षेत्र अंतर्गत गुंजन चौराहा के समीप पहुंची, तभी एक बालिका हाइवे पर उनकी कार के आगे आ गई। बच्ची को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई कार हाईवे से पलटते हुए नीचे खड्ड में गिर गई। हादसा देख दौड़े ग्रामीणों ने कार में सवार दंपति को निकाला। कार चला रहे अमनमणि को हल्की खरोंचे आईं लेकिन कार के पीछे की सीट पर बैठी उनकी पत्नी सारा गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उनके सिर में गंभीर चोट थी और नाक से खून बह रहा था। स्थानीय लोग सारा को टाटा मैजिक से लेकर ट्रामा सेंटर पहुंचे। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पत्नी की मौत की जानकारी होते ही अमनमणि स्तब्ध रह गए। उन्होंने फोन कर परिजनों और रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी। हादसे की जानकारी होते ही लखनऊ से एसपी पीयूष श्रीवास्तव के पास जानकारी लेने के लिए फोन बजना शुरू हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार, सीओ सिटी राजेश चौधरी, कोतवाल उत्तर शशिकांत शर्मा फोर्स के साथ जिला अस्पताल रवाना किया गया। नौतना से चुनाव लड़ चुके अमनमणि पूर्व मंत्री पुत्र अमनमणि त्रिपाठी २०१२ के विधानसभा चुनाव में नौतना महाराजगंज से चुनाव लड़ा था और हार गए थे। पेशे से कारोबारी अमनमणि त्रिपाठी दिल्ली में रहते हैं। लखनऊ के गोमतीनगर में उनका पैतृक मकान है। कुछ दिन पहले वे पत्नी सारा के साथ पैतृक घर गए थे और गुरुवार सुबह सड़क मार्ग से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे।
https://rashtriyadinmaan.com
