शाहजहांपुर. पीलीभीत गैंगरेप के वीडियो ने एक फिर दिल्ली के निर्भया कांड को ताजा कर दिया है। साथ ही पुलिस की कार्य प्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़े किए हैं। भैयादूज पर मायके आयी 26 वर्षीय दलित विवाहिता तीन माह की बच्ची के साथ ससुराल जाते समय गायब हो गयी थी। परिजनों की शिकायत के बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी और नही कोई कार्रवाई की। लेकिन अब विवाहिता के भाई के मोबाइल पर वाट्सअप से एक वीडियो आया है, जिसमें कुछ लड़के जबर्दस्ती विवाहिता संग गैंगरेप कर रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति आक्रोश है।
शाहजहांपुर में समाजसेवी फकीरे लाल ने दरिन्दों की पहचान बताने वाले को एक लाख रुपये इनाम देने की घोषणा करते हुए मुख्यमन्त्री से महिला की बरामदगी की मांग की है। समाजसेवी ने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। अगर जल्द ही गैंगरेप पीडि़ता की बरामदगी नहीं होती तो वो मामले को लेकर कलेक्ट्रेट में सत्याग्रह शुरू कर देंगे।
क्या है पूरा मामला
पीलीभीत में पुलिस की लापरवाही से बेहद सनसनी खेज घटना सामने आयी है। भैयादूज पर मायके आयी 26 वर्षीय दलित विवाहिता तीन माह की बच्ची के साथ ससुराल जाते समय गायब हो गयी। परिवार वालों की तहरीर के बावजूद पुलिस ने मुकदमा लिखना तो दूर विवाहिता को ढूंढना भी मुनासिब नहीं समझा। अब घटना के देढ माह विवाहिता के साथ गैंगरेप होता वीडिया वायरल हुआ है, जिसके बाद पुलिस ने आनन-फानन में अपहरण व बलात्कार का मुकदमा लिखा है और विवाहिता की तलाश में जुटी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम बरहा की रहने वाली युवती की शादी बदायूं में हुई थी। भैयादूज पर विवाहिता अपने मायके बरहा पीलीभीत आयी थी और 23 नवंबर को बदायूं जाने के लिए अपने तीन माह के बच्चे के साथ निकली थी, लेकिन ससुराल नहीं पहुंची। मायके वालों ने गुमशुदगी की तहरीर सुनगणी पुलिस को दी थी, लेकिन पुलिस ने न तो मुकदमा दर्ज किया और न ही मामले की जांच की।
भाई के मोबाइल पर आया अश्लील वीडियो
परिवार वाले लगातार विवाहिता की तलाश कर रहे थे। अब विवाहिता के भाई के मोबाइल पर वाट्सअप के द्वारा एक वीडियो आया है, जिसमें 4 से 5 लड़के जबर्दस्ती विवाहिता के साथ गैंगरेप कर रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद घर पुलिस पर आरोप लग रहा है कि अगर पहले मुकदमा लिख लिया होता तो शायद यह घटना नहीं घटती। परिजन विवाहिता की हत्या की आशंका जता रहे हैं, वहीं पुलिस ने वीडियो सामने आने के बाद अब अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वीडियो के आधार पर लड़कों व विवाहिता की तलाश में जुट गयी है।
https://rashtriyadinmaan.com
