कारगिल विजय दिवस समारोह में बोले पीएम मोदी- युद्ध सरकारें नहीं लड़तीं, पूरा देश लड़ता है


कारगिल विजय दिवस मौके पर पीएम मोदी ने हा कि इस अवसर पर आज हर देशवासी शौर्य और राष्ट्र के समर्पित एक प्रेरणादायक गाथा को स्मरण कर रहा है। आज के अवसर पर मैं उन सभी शूरवीरों को नमन करता हूं, जिन्होंने कारगिल की चोटियों से तिरंगे को उतारने के षड़यंत्र को असफल किया।

पीएम मोदी ने कहा कि करगिल में विजय भारत के वीर बेटे, बेटियों के अदम्य साहस की जीत थी। करगिल में विजय भारत के सामर्थ्य और संयम की जीत थी। करगिल में विजय भारत के संकल्पों की जीत थी। करगिल में विजय भारत के मर्यादा और अनुशासन की जीत थी। उन्होंने कहा कि अपना रक्त बहाकर जिन्होंने सर्वस्व न्यौछावर किया उन शहीदों को, उनको जन्म देने वाली वीर माताओं को भी मैं नमन करता हूं। करगिल सहित जम्मू-कश्मीर के सभी नागरिकों का अभिनंदन, जिन्होंने राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को निभाया। करगिल में विजय प्रत्येक देशवासियों की उम्मीदों और कर्तव्यपरायणता की विजय थी।

पढ़ें पीएम मोदी का लाइव संबोधन:

-मैं 20 साल पहले करगिल तब भी गया था जब युद्ध अपने चरम पर था। दुश्मन ऊंची चोटियों पर बैठकर अपने खेल, खेल रहा था। एक साधारण नागरिक के नाते मैंने मोर्चे पर जुटे अपने सैनिकों के शौर्य को उस मिट्टी पर जाकर नमन किया था: पीएम मोदी

– सैनिक आज के साथ ही आने वाली पीढ़ी के लिए अपना जीवन बलिदान करते हैं। हमारा आने वाला कल सुरक्षित रहे, उसके लिए वो अपना वर्तमान स्वाहा कर देता है। सैनिक जिंदगी और मौत में भेद नहीं करते, उनके लिए कर्तव्य ही सब कुछ होता है- पीएम मोदी
इससे पहले 26 जुलाई को करगिल विजय दिवस की 20वीं सालगिरह के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कारगिल युद्ध में शहीद हुए सेना के जवानों को श्रद्धांजलि दी थी। ट्वीट में पीएम मोदी ने कहा था, मां भारती के सभी वीर सपूतों का मैं हृदय से वंदन करता हूं। यह दिवस हमें अपने सैनिकों के साहस, शौर्य और समर्पण की याद दिलाता है। इस अवसर पर उन पराक्रमी योद्धाओं को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।’

इतना ही नहीं, पीएम मोदी ने कारगिल विजय दिवस के मौके पर 1999 में हुए भारत-पाकिस्तान युद्ध के समय की अपनी कारगिल की यात्रा की कुछ तस्वीरों को भी शेयर किया। पीएम मोदी ने ट्विटर पर तस्वीरों को शेयर करते हुए कहा, साल 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान मुझे कारगिल जाने और अपने बहादुर सैनिकों के साथ एकजुटता दिखाने का अवसर मिला।

बता दें कि 26 जुलाई 1999 को कारगिल युद्ध में भारत को विजय मिली थी, इस वजह से हर साल 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है। 1999 में करगिल की पहाड़ियों पर पाकिस्तानी घुसपैठियों ने कब्जा जमा लिया था, जिसके बाद भारतीय सेना ने उनके खिलाफ ऑपरेशन विजय चलाया। ऑपरेशन विजय 8 मई से शुरू होकर 26 जुलाई तक चला था।


Scroll To Top
Translate »