प्रियंका गांधी हिरासत में लिए जाने के बाद भी सोनभद्र जाने पर अड़ीं , बोलीं- धारा 144 का नहीं करूंगी उल्लंघन


बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी के साथ नौ कांग्रेसी जिसमें पूर्व विधायक ललितेश पति त्रिपाठी, पूर्व विधायक अजय राय, कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजय कुमार उर्फ लल्लू, राजन पाठक बृजेश तिवारी, गोपाल स्वरूप पाठक, राजेश द्विवेदी, ज्ञानेंद्र तिवारी और प्रीतम चौबे को भी हिरासत में लिया गया है।

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को जब नरायनपुर पुलिस चौकी पर रोका गया तो उन्होंने एसडीएम और सीओ से पूछा कि यहां क्यों रोका जा रहा है। एसडीएम ने बताया कि सोनभद्र में धारा-144 लागू है। प्रियंका बोलीं-तो मिर्जापुर में किस कानून के तहत रोका जा रहा है। वह कौन सा कानून है। वह पेपर दिखाया जाए। प्रियंका के सवालों का एसडीएम और सीओ के पास कोई जवाब नहीं था। दोनों अधिकारी एकदम शांत हो गए। इसके बाद ही वह सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं। उन्होंने कहा कि हम सोनभद्र में मारे गए लोगों के परिजनों से शांतिपूर्ण ढंग से मिलने जा रहे थे पर प्रशासन ने रोक लिया। वहीं हिरासत में लिए जाने के बाद प्रियंका गांधी ने एलान किया कि सोनभद्र के पीड़ित निराश न हों, मैं सोनभद्र आऊंगी।

इस बीच राष्ट्रीय जनजाति आयोग के अध्यक्ष नंद कुमार साई ने सोनभद्र नरसंहार मामले में संज्ञान लेते हुए मुख्य सचिव, डीजीपी,  सोनभद्र डीएम और एसपी से जवाब मांगा है। आयोग की पांच सदस्यीय टीम 22 जुलाई को सोनभद्र का दौरा करेगी।

 

 


Scroll To Top
Translate »