प्रदेश में खिलाड़ी कोटे के पदों को भरने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए—-मुख्यमंत्री योगी


मुख्यमंत्री ने दिव्यांग पर्वतारोही अरुणिमा सिन्हा के साहस और लगन की सराहना करते हुए उन्हें नकद 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। इससे पहले उन्होंने अरुणिमा सिन्हा को उनके साहसिक कार्यों के लिए सम्मानित किया था। अपने भाषण में नकद ईनाम देने की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें सम्मान तो दिया गया लेकिन नकद ईनाम देने में संकोच किया गया। वह युवाओं की प्रेरणास्रोत हैं। इस कारण वह यह घोषणा कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में उद्यमियों को सुरक्षा का सम्मान का वातावरण मुहैया कराया गया। जो यूपी पहले पिछड़ा माना जाता था, वह अब सबके प्रयासों और पुरुषार्थ से पर्यटन, स्वच्छता व विकास में नंबर वन की लड़ाई लड़ रहा है। यूपी की गंदगी, भ्रष्टाचार व दंगा मुक्त प्रदेश की छवि बन रही है। प्रदेश में अब तक 2.25 लाख लोगों को रोजगार दिया गया। प्रदेश में सभी भर्तियां पूरी पारदर्शिता के साथ हो रही हैं। इसके अलावा एक सवाल में प्रदेश में एक लाख करोड़ रुपये का निवेश हुआ है।
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में राज्यपाल राम नाईक की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसा कोई राज्यपाल नहीं रहा जिससे राजभवन को आम जनता के लिए खोल दिया हो। वह जनता के राज्यपाल हैं। वह हमेशा प्रदेश व जनता के हित में काम करते हैं और सुझाव और मार्गदर्शन देने में संकोच नहीं करते। यूपी दिवस मनाए जाने की प्रेरणा देने के लिए राज्यपाल का अभिनंदन करते हुए उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने अभी इसी समारोह में 193 पुरस्कार अपने हाथों से बांटे। दोपहर बाद वह मेरे साथ मुंबई जा रहे हैं और रात में 12 बजे वापस लौटेंगे। इतनी ऊर्जा के साथ काम करने के लिए मैं उनका अभिनंदन करता हूं।

समारोह में उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री सत्यदेव पचौरी, चौधरी लक्ष्मी नारायण, चेतन चौहान व मुख्य सचिव डॉ. अनूप चंद्र पांडेय समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।


Scroll To Top
Translate »