
अहमदाबाद : गुजरात में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने पहुंचे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के काफिले पर प्रदर्शनकारियों ने हमला किया है. बनासकांठा जाते समय कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी पर पत्थर फेंके. इससे उनकी गाड़ी के शीशे टूट गये. कांग्रेस उपाध्यक्ष को सभा के दौरान काले झंडे भी दिखाये गये. हालांकि राहुल गांधी को कोई चोट नहीं आयी है और वे सुरक्षित हैं. इस घटना पर गुजरात के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने कहा है कि राहुल गांधी को बुलेट प्रूफ कार ऑफर किया गया था, जिसे उन्होंने लेने से इनकार कर दिया और निजी कार से यात्रा करना पसंद किया.
राहुल गांधी बनासकांठा में बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे के लिए गुजरात में थे. इस दौरान उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि दो चार काले झंडों से वे डरने वाले नहीं हैं. कांग्रेस ने इस घटना के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया है. कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ देर पहले राहुल गांधी पर बीजेपी के लोगों ने सीमेंट की ईंटों से हमला किया. एसपीजी के लोगों को भी चोट पहुंची है.
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बताया कि इस हमले में राहुल गांधी की कार के शीशे टूट गये. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किसने पथराव किया. इससे पहले बनासकांठा में राहुल गांधी की सभा में काले झंडे दिखाये गये. बता दें कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज ही राजस्थान के जालौन जिले में बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया था. राहुल गांधी ने सांचोर के कच्छेला, देवड़ा, दवई, अमली, हदेचा जैसे गांवों में बाढ़ से प्रभावित लोगों से मुलाकात की.
https://rashtriyadinmaan.com
