
लखनऊ. उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजबब्बर ने आज गाजियाबाद पहुंचकर प्रशासन द्वारा डासना जेल में निरूद्ध किये गये कांग्रेसजनों से जेल प्रशासन से काफी जद्दोजहद करने के बाद मुलाकात की एवं वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की. इसके उपरान्त राज बब्बर के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने जेल का घेराव किया. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर एवं प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय द्वारा जिलाधिकारी गाजियाबाद से मिलने के लिए पत्र द्वारा सूचना दिये जाने के बावजूद जिलाधिकारी ने मिलने से टालमटोल करते हुए कार्यालय में नहीं मिलीं एवं बहाना बनाकर कार्यालय से बाहर चली गयीं. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से जिलाधिकारी सूचना दिये जाने के बावजूद भी नहीं मिली जबकि राजबब्बर राज्यसभा सांसद हैं.
इसके बाद राजबब्बर जेल में निरुद्ध जिला महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती पूजा चढ्ढा के घर जाकर उनकी 8 माह की बेटी एवं मां से मुलाकात की.
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता ने बताया कि हज हाउस गाजियाबाद में फैली अनियमितताओं के कारण हज पर जाने वाले हाजियों को हो रही कठिनाइयों को लेकर कल जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन नसीम खान के नेतृत्व में कांग्रेसजनों द्वारा दिये जा रहे शांतिपूर्ण धरने को स्थानीय प्रशासन द्वारा न सिर्फ बलपूर्वक हटाया गया बल्कि जिला कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन नसीम खान, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष श्रीमती पूजा चड्ढा एवं सगीर खं वाईस चेयरमैन जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग गाजियाबाद को गिरफ्तार करके गंभीर धाराएं लगाकर जेल भेज दिया गया.
श्री अग्रवाल ने बताया कि राजबब्बर ने इस मौके पर कहा कि श्रीमती पूजा चढ्ढा की 8 माह की बच्ची है जिसे संवैधानिक रूप से मां से अलग नहीं किया जा सकता. श्रीमती चढ्ढा को जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाने पर आईपीसी की 307 जैसी गंभीर धाराएं लगाकर जेल में बन्द कर असंवैधानिक कृत्य किया गया है. उन्होने कहा कि प्रदेश में अघोषित इमरजेंसी है. खुली तानाशाही है एवं लोकतंत्र की हत्या की जा रही है. उन्होने कहा कि पूरा का पूरा प्रशासन प्रशासनिक अधिकारी के बजाय राजनीतिक दल के कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहा है. उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार के इशारे पर प्रशासन द्वारा कांग्रेसजनों के विरूद्ध की जा रही राजनीतिक विद्वेषपूर्ण बर्बर कार्यवाही एवं उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.
https://rashtriyadinmaan.com
