
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, प्रिय प्रधानमंत्री, कृपया बिना विलंब किये केरल की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए। हमारे करोड़ों लोगों का जीवन, जीविका और भविष्य दाव पर है। राहुल गांधी ने कल राज्य के पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आह्वान किया था कि वे प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे बढ़ें।
केरल में बाढ़ की स्थिति को लेकर 16 अगस्त को राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की थी और राज्य के लिए विशेष वित्तीय सहायता का आग्रह किया था। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को केरल के बाढ़ग्रस्त इलाकों का हवाई दौरा किया। उन्होंने केरल को 500 करोड़ रुपये की मदद का एलान भी किया।
कोच्चि में सुबह भारी बारिश हुई जबकि एक शताब्दी में सबसे मुश्किल घड़ी से जूझ रहे केरल के कई हिस्सों की स्थिति काफी भयावह बनी हुई है। अब तक कुल मरनेवालों में ऐसा कहा जा रहा है कि पिछले सिर्फ दो दिनों के भीतर ही 150 लोग मारे गए हैं। मुख्यमंत्री पिनारई विजयन ने लगातार बारिश, भारी बाढ़ और भूस्खलन के कारण बनी स्थिति का काफी भयावह करार दिया है।
बाढ़ में फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए जोर शोर से राहत और बचाव का काम चल रहा है। राज्य के मंत्री सा रा महेश ने ट्वीट कर बताया कि शाम तक राहत और बचाव का काम पूरा हो जाएगा। मुख्यमंत्री आज बाढ़ की स्थिति का जायजा लेंगे। उधर, बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए राहत कैम्प बनाए गए हैं। उन राहत कैम्पों में खान, पानी, डॉक्टर्स और अन्य सभी सुविधाओं का इंतजाम किया गया है।
https://rashtriyadinmaan.com
