
सतना | कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हुए गुरुवार को कहा कि गुजरात में सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा चीन की सहायता से बनवाई जा रही है. इस मूर्ति पर ‘मेड इन चाइना’ लिखा होगा, जो सरदार पटेल का अपमान है.
मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे के पहले दिन राहुल गुरुवार को सतना के बीटी मैदान में एक आमसभा को संबोधित कर रहे थे. राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि हम सरदार पटेल की मूर्ति गुजरात में स्थापित करेंगे, लेकिन यह दुर्भाग्य की बात है कि लौहपुरुष की मूर्ति पर ‘मेड इन चाइना’ लिखा होगा, क्योंकि इसका निर्माण चीन कर रहा है. उन्होने कहा कि यह राष्ट्रभक्त, स्वंतत्रता संग्राम सेनानी और देश का निर्माण करने वाले सरदार बल्लभ भाई पटेल का अपमान है.
बता दें कि गुजरात में सरदार वल्लभ भाई पटेल की 182 मीटर ऊंची दुनिया की सबसे बड़ी मूर्ति बनकर तैयारी होने वाली है. गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए मोदी चाहते थे कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की एक ऐसी प्रतिमा बने जो दुनिया में सबसे ऊंची हो. नरेंद्र मोदी का सबसे बड़ा सपना पूरा होने जा रहा है. 31 अक्टूबर को पीएम मोदी इस मूर्ति का अनावरण करेंगे.
इसके साथ ही राहुल गांधी ने एक बार फिर राफेल लड़ाकू विमान सौदे पर प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि ‘देश का चौकीदार होने का दावा करने वाले मोदी विजय माल्या जैसे उद्योगपतियों के चौकीदार बन गए हैं.’ राहुल ने आरोप लगाया, ‘प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लोगों के साथ धोखा किया है.
प्रधानमंत्री मोदी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर कटाक्ष करते हुए राहुल ने कहा कि देश में दो मशीनें काम कर रही हैं. पहली ‘मोदी मशीन जो झूठ की मशीन है’ और दूसरी ‘शिवराज की घोषणा मशीन’ जो केवल घोषणाएं करती है. इसके कारण दोनों ने देश की जनता का विश्वास खो दिया है.
सतना में आम सभा के बाद राहुल रीवा के लिये रवाना हो गये. वहां गुरुवार को उनका रोड शो आयोजित किया गया है. इससे पहले गुरुवार को सुबह राहुल ने सतना जिले में भगवान राम की तपोस्थली चित्रकूट में प्रसिद्ध कामता प्रसाद मंदिर में पूजा अर्चना कर अपने दो दिवसीय चुनावी दौरे का आगाज किया.
चित्रकूट में आमसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अगर 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस केंद्र की सत्ता में आई, तो उनकी पार्टी माल और सेवा कर (जीएसटी) कम करने के लिए इसमें बदलाव करेगी.
उन्होने बीजेपी नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर हमला करते हुए कहा, ‘गुरुवार को का जीएसटी तो ‘गब्बर सिंह टैक्स’ है. नोटबंदी और इस गब्बर सिंह टैक्स को लागू करके मौजूदा सरकार छोटे दुकानदारों, छोटे उद्योगों और रोजगार को खत्म कर दिया है. जैसे ही हमारी सरकार आएगी, हम इस ‘गब्बर सिंह टैक्स’ को असली टैक्स में बदल देंगे.’
https://rashtriyadinmaan.com
