
नई दिल्ली| उत्तर प्रदेश का नया सीएम कौन होगा, इस बात को लेकर दिल्ली से लेकर लखनऊ तक कई नाम हवा में तैर रहे हैं। इसमें एक नाम केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह का भी है। यूपी के मुख्यमंत्री पद की रेस में उनका नाम सबसे ऊपर माना जा रहा है। राजनाथ सिंह से बुधवार को जब इस बाबत सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इसे खारिज करते हुए फालतू बात करार दिया।
बुधवार को संसद भवन के बाहर जब मीडियाकर्मियों ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह से पूछा कि उनका नाम यूपी के नए मुख्यमंत्री के तौर पर खबरों में चल रहा है, तो इस पर राजनाथ सिंह ने कहा कि यह सब अनावश्यक और फालतू की बातें हैं।
दरअसल, 65 साल के राजनाथ सिंह, साल 2000 से 2002 के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। यही वजह है कि राजनाथ सिंह का नाम बीजेपी नेताओं के बीच यूपी के नए सीएम के तौर पर चर्चा का विषय बना हुआ है। भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों ने यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से 325 पर जीत हासिल की है, जो पार्टी की अब तक की सबसे बड़ी जीत है।
https://rashtriyadinmaan.com
