नई दिल्ली। अपने दो दिवसीय सिक्किम और असम दौरे से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऐलान किया है कि उनकी सरकार पूर्वोत्तर राज्यों के समग्र विकास और जनता की उम्मीदों को पूरा करने के लिए हर संभंव प्रयास करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को ट्वीट कर कहा कि वह अपने दो दिवसीय पूर्वोत्तर दौरे को लेकर बेहद उत्साहित हैं और इस दौरान वह सिक्किम और असम में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। साथ ही जनता के साथ संवाद करेंगे। वह सिक्किम स्थित गंगटोक में सतत विकास, जैविक खेती और पारिस्थितिकी पर्यटन पर आयोजित किये जा रहे राज्य मंत्रियों के सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। कृषि सम्मेलन को सिक्किम में आयोजित किए जाने पर उन्होंने खुशी जताई है। इसके बाद वह गंगटोक में जैविक उत्पादों की एक प्रदर्शनी देखने जाएंगे और जैविक उत्पादों की खेती करने वाले किसानों के साथ बातचीत भी करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह पूर्वोत्तर राज्यों को जैविक उत्पादों की खेती का एक बड़ा केंद्र बनाने की कल्पना करते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह मंगलवार को असम के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह असम के युवाओं और आईआईटी, एनआईटी और पूर्वोत्तर के केंद्रीय विश्वविद्यालयों के छात्रों से मुलाकात करेंगे। साथ ही वह कोकराझार में आदिवासी समुदायों की एक जनसभा और गुवाहाटी स्थित खानपाड़ा में एक युवा रैली को भी संबोधित करेंगे।
https://rashtriyadinmaan.com

