समाजवादी पार्टी ने हर वर्ग के लिए काम किया है—मुलायम सिंह यादव


unnamed

 

लखनऊ |  कैण्ट विधानसभा से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी, समाज सेविका, श्रीमती अपर्णा यादव के समर्थन में आलमबाग स्थित कैरिज वर्क शॉप के सामने आयोजित विशाल चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक श्री मुलायम सिंह यादव  ने श्रीमती अपर्णा यादव को भारी मतों से जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि मैं यहां अपर्णा के लिए वोट मांगने आया हूं, यहां उपस्थित भारी जन सैलाब देखकर मुझे भरोसा हो गया है कि आप सब अपर्णा को वोट देकर भारी मतों से विजयी बनाएंगे। आप सब अपर्णा को वोट इसलिए देंगे क्योकि इन्होंने इस क्षेत्र में बहुत काम कराया है और आगे भी काम कराती रहेंगी, जिसमे मेरा पूरा सहयोग रहेगा।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जब जब सत्ता में आयी है उसने हर वर्ग के लिए काम किया है।  हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, हर समुदाय के लिए काम किया है। किसानों, मजदूरों, नौजवानों और महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक दोनों दृष्टिकोण से लाभ पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया है।हमारी पार्टी ने युवाओं को रोजगार दिया और जिन को रोजगार नहीं मिल पाया उन्हें बेरोजगारी भत्ता देने का काम किया। किसानों का कर्ज माफ किया महिलाओं के लिए समाजवादी पेंशन योजना चलाकर महिलाओं को सीधा लाभ पंहुचाया। इसलिए कोई ये नही कह सकता कि समाजवादी पार्टी ने मेरे लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी लोग कभी झूठे वायदे नहीं करते हैं, जो वायदा करते हैं उसे पूरा करते हैं और जो वायदा नही करते उसे भी पूरा करने का काम करते हैं, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे और लखनऊ मेट्रो इसका उदाहरण हैं। लेकिन भारतीय जनता पार्टी जो एक ऐसी पार्टी है जिसे जुमलेबाज पार्टी भी कहा जा सकता है।  आज तक एक भी वायदा केंद्र की सरकार ने पूरा नही किया।

उन्होंने कहा कि झूठ बोलकर भारतीय जनता पार्टी ने केंद्र में सरकार बना लिया। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने प्रत्येक व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपए जमा करने की बात कह रहे थे लेकिन 15 लाख तो दूर किसी के खाते में 15 रुपया भी नहीं आए। ऊपर से नोट बंदी करके गरीबों को मार दिया। इससे भारतीय जनता पार्टी के ऊपर से लोगों का विश्वास उठ चुका है। उन्होंने कहा कि हम फिरकापरस्त ताकतों के खिलाफ लड़ते आए थे और आगे भी लड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि अपर्णा ने कैंट क्षेत्र के विकास के लिए बहुत कार्य किया और मैं वायदा करता हूं कि जो भी समस्याएं इस क्षेत्र की हैं वह भी अपर्णा के जीतने के बाद प्राथमिकता से दूर की जायेगी।   बिजली, पानी, सड़क आदि मूलभूत सुविधाओं के साथ ही गंभीर बीमारियों का भी इलाज़ मुफ्त में कराया जायेगा। रेलवे कर्मचारियों की समस्याओं को भी दूर किया जायेगा। इसलिए आप सभी समाजवादी पार्टी के पक्ष में वोट करिए और अपर्णा को भारी मतों से जीताइये। उन्होंने कहा कि अपर्णा का सम्मान, मेरा सम्मान होगा।

जनसभा को संबोधित करते हुए श्रीमती अर्पणा यादव ने कहा कि आदरणीय नेता जी मेरे आदर्श हैं। मुझे आज अपने बड़े-बुजुर्गों, का आशीर्वाद और आप सबका स्नेह पाकर पूरा भरोसा हो गया है कि जीत मेरी ही होगी, लेकिन मेरी अप्रत्यशित जीत हो यह आप सब को तय करना है। उन्होंने कहा कि आप सब इतना ध्यान जरूर देना कि जिस पार्टी ने नोट बंदी की है उसकी वोट बंदी हो जाए। उन्होंने कहा कि इन भाजपाईयों ने मां गंगा को भी ठगने का काम किया। एनजीटी के रिकार्ड बताते हैं कि नमामि गंगे के नाम पर करोड़ों रुपये बहाये गए लेकिन आज भी गंगा साफ न हो सकी और तो और नालों का गन्दा पानी आज भी सीधे गंगा में छोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो मां गंगा का नही हुआ वो आम इंसान का क्या होगा। श्रीमती यादव ने कहा कि हम झूठे वादे करने वालों में से नही है और न ही सत्ता का सुख भोगने की लालच में दल बदलने वालों में से हैं। हम विकास चाहते हैं, सिर्फ विकास। हमने बतौर प्रत्यशी कैण्ट क्षेत्र के विकास के लिए लगभग चालीस करोड़ रूपये का काम कराया, नवनिर्मित तमाम गलियां, नालिया और सड़कें इस बात का गवाह हैं। इसलिए आप सबसे निवेदन है कि मतदान वाले दिन सबसे पहले आप सभी मतदान केंद्र पर जायेगे और साइकिल वाली बटन दबाकर समाजवादी पार्टी के पक्ष में मतदान करेंगे।

जनसभा एमएलसी डाँ अशोक बाजपेई, एनएफआई के असिस्टेंट जनरल सेक्रेटरी श्री सी पी सिंह, श्री शियाराम बाजपेई, व्यापारी नेता श्री संदीप बंसल, समाजवादी पार्टी के कोषाध्यक्ष श्री राजकुमार मिश्र, कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष श्री बोधलाल शुक्ला, समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष श्री फ़ाकिर सिद्दकी, श्री संदीप पाल सहित अन्य गणमान्य नेताओं ने संबोधित कर श्रीमती अपर्णा यादव के पक्ष में मतदान करने के लिए अपील की। जनसभा में हज़ारों की तादात में जन सैलाब उपस्थित रहा।


Scroll To Top
Translate »