यूपी में फिरोजाबाद से दिनदहाड़े बड़े उद्योगपति संजय मित्तल का कार सहित अपहरण


UP-glass-merchant-kidnapping-Mathura-Saraf-massacre-Firozabad-news-in-hindi-188538

 

फिरोजाबाद. मथुरा के सराफ हत्याकांड का खुलासा पुलिस अभी कर नहीं पाई कि फिरोजाबाद में बदमाशों ने शहर के बीचोंबीच से दिनदहाड़े व्यापारी का अपहरण कर पुलिस को खुली चुनौती दे दी है. यह वारदात शुक्रवार को हुई. बताया गया है कि बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और व्यापारी को उसी की गाड़ी में अपहरण कर ले गए. इस घटना के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया है. पूरे जिले की सीमाएं सील कर चेकिंग की जा रही है.

फिरोजाबाद में एफएम ग्लास नाम से कांच की फर्म है. इसके मालिक संजय मित्तल बड़े उद्योगपति हैं और फिरोजाबाद के नगला भाऊ इंडस्ट्रियल एरिया में उनकी फैक्ट्री है. बताया गया है कि शुक्रवार को संजय अपनी इनोवा कार से अपनी फैक्ट्री जा रहे थे. शहर के बीच से ही एनएच-2 गुजरता है. यहां काफी भीड़भाड़ भी रहती है.

ऐसे में जब शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे जब एनएच-2 पर नगला भाऊ के समीप संजय मित्तल की गाड़ी पहुंची तो बाइक पर आए बदमाशों ने गाड़ी को रोक लिया और तमंचे की नोक पर कार में सवार हो गए. इसके बाद बदमाश व्यापारी को गाड़ी सहित अगवाकर ले गए.

इस घटना के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया है. मौके पर पहुंचे एसएसपी ने पूरे जिले की सीमाएं सील कर दी. लगातार वाहनों की चेकिंग की जा रही है. मथुरा के सराफ हत्याकांड का पुलिस अभी खुलासा कर नहीं पाई है. ऐसे में बदमाशों ने उसके लिए दूसरी चुनौती खड़ी कर दी है.


Scroll To Top
Translate »