
lucknow | राज्यसभा चुनाव के लिए वित्त मंत्री अरूण जेटली और डॉ. अशोक बाजपेयी सहित कई नेताओं ने सोमवार को नामांकन किया। उत्तर प्रदेश से उम्मीदवार केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली सुबह 11 बज कर 35 मिनट पर विधानसभा के टंडन हाल में नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद नहीं थे क्योंकि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वाराणसी यात्रा के लिये वहां गये हुए हैं।
जेटली द्वारा नामांकन दाखिल करते वक्त प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य, दिनेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री सतीश महाना, श्रीकांत शर्मा, अनुपमा जायसवाल तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र पांडेय मौजूद थे। नामांकन भरने के बाद जेटली ने पत्रकारों के किसी सवाल का जवाब नहीं दिया। भाजपा ने उप्र से अरुण जेटली, डॉ. अशोक बाजपेयी, विजयपाल सिंह तोमर, सकलदीप राजभर, कांता कर्दम, डॉ. अनिल जैन, जीवीएल नरसिम्हा राव और हरनाथ सिंह यादव को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
राज्यसभा चुनावों के लिए आज नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि है। नामांकनों की जांच 13 मार्च को होगी जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 15 मार्च है। 23 मार्च को सुबह 9 बजे से 4 बजे तक मतदान होगा और मतगणना उसी दिन 5 बजे की जायेगी।
https://rashtriyadinmaan.com
