शिवसेना सांसद संजय राउत बोले, राहुल देश का नेतृत्व करने में सक्षम, मोदी लहर खत्म


41-SanjayRaut_5

 

नई दिल्ली:    केंद्र और महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार की सहयोगी शिवसेना ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा कि वह देश का नेतृत्व करने में सक्षम हैं। साथ ही शिवसेना ने कहा कि अब मोदी की कोई हवा नहीं है।

एक टीवी चैनल से बात करते हुए शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा, ‘कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश का नेतृत्व करने में सक्षम हैं। उन्हें पप्पू कहना गलत है।’ इस मौके पर महाराष्ट्र सरकार के शिक्षा मंत्री और बीजेपी नेता विनोद तावड़े भी मौजूद थे।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से राहुल गुजरात और देश के अन्य हिस्सों में लोगों से बात कर रहे हैं उससे साफ है कि अब वह देश में नेतृत्व देने के लिए पूरी तरह से तैयार है। संजय राउत ने कहा कि देश की जनता सबसे बड़ी है और वह जब चाहे जिसे चाहे उसे पप्पू बना सकती है।

शिवसेना सांसद संजय राउत ने बीजेपी से गठबंधन पर कहा, ‘उनका बीजेपी से रिश्ता तीन दशक पुराना है। कभी-कभी वैचारिक मतभेद होता रहता है। सरकार में होना किसी की गुलामी नहीं होती है। सरकार आती है, सरकार जाती है।’

बात करते हुए राउत ने जीएसटी का जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘जीएसटी का असर गुजरात में सूरत-अहमदाबाद की सड़कों पर दिखा। उसके बाद केंद्र सरकार को बदलाव करना पड़ा।’

उन्होंने गुजरात में बीजेपी की जीत पर कहा कि उनके पास पूरा सिस्टम है। अमित शाह का गृहराज्य है। बीजेपी को चुनाव जीतने से कोई नहीं रोक सकता।

नोटबंदी की आलोचना करते हुए शिवसेना सांसद ने कहा कि नोटबंदी का हमने सबसे पहले विरोध किया था। इससे बेरोजगारी बढ़ी है। मुंबई में 10 से 15 लाख लोग बेरोजगार हुए हैं।


Scroll To Top
Translate »