लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा 1090 चौराहा और जनेश्वर मिश्र पार्क में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों से परवान चढ़ा देशभक्ति का रंग
फ़्लैश मॉब नुक्कड़ नाटक से बयां की स्वतंत्रता संग्राम की दास्तां, तिरंगा कथक की प्रस्तुति देख झूमे दर्शक

लखनऊ | आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा मंगलवार शाम को 1090 चौराहा और जनेश्वर मिश्र पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें कलाकारों ने एक के बाद एक शानदार प्रस्तुति देकर माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम के मध्य लगभग 45 मिनट तक भव्य आतिशबाजी की गयी, जिससे आसमान सतरंगी हो गया। इस अवसर पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ इंद्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने बताया कि 1090 चौराहे पर हुए समारोह में मीशा थिएटर के कलाकारों ने फ़्लैश मॉब नुक्कड़ नाटक का मंचन करके स्वतंत्रता संग्राम की दास्तां बयां की, साथ ही तरक्की की ओर बढ़ते देश के कदमों की छाप दिखायी। इसके बाद हाथ में तिरंगा लिए कलाकारों ने कथक की प्रस्तुति दी। इस क्रम में ‘फौजी को बहन की चिट्ठी’ प्ले का भी मंचन किया गया, जिसमें एक सैनिक के जीवन की चुनौतियों और देश के प्रति उनके जज़्बे को दर्शाया गया।
इसके बाद कलाकारों ने किसानों को समर्पित कंटेम्पररी डांस परफॉर्मेंस किया। उधर, दूसरी तरफ जनेश्वर मिश्र पार्क में भी कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समा बांध दिया।
https://rashtriyadinmaan.com
