सीताराम येचुरी ने की, गोरखपुर में मासूमों की मौत की न्यायिक जांच की मांग


21404Z6nA6L1ySZ0isS2cJnhcCqawhAhIfJOp5629881
गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कालेज में मासूमों की सिलसिलेवार मौत के बाद विपक्षी दल योगी सरकार को आड़े हाथ ले रहे हैं। सीपीएम के महासचिव सीताराम येचुरी ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की मांग की है। उन्‍होंने दो टूक कहा कि जो लोग भी दोषी हों उन्‍हें सख्‍त सजा मिलनी चाहिए। येचुरी ने कहा कि इस पूरे हादसे में अब तक 68 बच्चों की मौत हुई है। संख्या कितनी बढ़ेगी इसका कोई ठिकाना नहीं। उन्होंने कहा कि हादसे की घोर निंदा से भी काम नहीं चलेगा बल्कि यह तो गंभीर अपराध है, देश के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ हुआ है।

सीताराम येचुरी ने आरोप लगाते हुए सवाल पूछा कि जब सरकार को अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी और सिलेंडर सप्लाई करने वाले कंपनी के बकाया बिलों की जानकारी थी तो सही समय पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से हादसे की वजह गंदगी बताए जाने पर येचुरी ने कहा कि बीजेपी के स्वच्छ भारत अभियान का क्या हुआ।
सीपीएम महासचिव ने सवाल किया कि पिछले 20 सालों से योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से सांसद हैं तो MP फंड से कितने करोड़ रुपए आए, और उन्हें गोरखपुर को स्वच्छ बनाने के लिए क्यों नहीं लगाया गया। वहां गंदगी से बच्चों की मौत क्यों हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार अगर पैसों की कमी का रोना रोती है तो वह बताएं कि उनके विज्ञापन और प्रचार-प्रसार पर खर्च होने वाले करोड़ों रुपए कहां से आए हैं। योगी सरकार ने इस त्रासदी को लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक जांच कमेटी गठित की है लेकिन सीपीएम ने इस हादसे को लेकर न्यायिक जांच की मांग कर रही है।


Scroll To Top
Translate »