
lucknow | समाजवादी पार्टी के नेता अमर सिंह ने अपने आप को पाक-साफ बताते हुए समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव से कहा कि लोगों को सच बताएं। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सपा सुप्रीमो मुझे जीने के लिए मेरे हाल पर छोड़ दें।
अमर सिंह का बयान तब आया है जब समाजवादी पार्टी के अंदर हो रही कलह के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। इसके बाद अमर सिंह ने यह सफाई दी है। इस समय वे अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने लंदन गए हुए हैं।
अमर सिंह ने कहा, ‘कुछ लोग गंदे पोस्टर्स मेरे नाम पर लगा रहे हैं, मेरे पुतले जला रहे हैं। कुछ लोग मुझे इतना ताकतवर बता रहे हैं कि मैं दुनिया में किसी कोने में रहूं फिर भी बहुत बड़े शासन में उथल-पुथल करा सकता हूं। लोग मुझे समाजवादी पार्टी में हुई कलह के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।’
उन्होंने कहा, ‘मुझे जीने दें। अगर मैं इसका कारण बताया जा रहा हूं तो मुलायम मेरा बलिदान करें, मुझे छुट्टी दें, मुझे माफ करें, अनावश्यक रूप से मुझे कलह का कारण बता के खलनायक बनाने की कोशिश से मुझे बचाएं।’
अमर सिंह ने आगे कहा, ‘अगर सच में उनके अनुभवी, परिपक्व नेताओं को मैंने बरगलाया है तो वो छिपाएं नहीं, परिवार के सदस्यों को बता दें। अगर ऐसा है तो साफ-साफ कह दो कि अमर सिंह ने भड़काया है। दर-दर की ठोकरों मुझे इतना बता दो मेरा कसूर क्या है, मुझे जीने दो।’
इससे पहले अखिलेश और रामगोपाल यादव को पार्टी से निकाले जाने को अमर सिंह ने ठीक बताया था। उन्होंने कहा था कि दोनों को पार्टी के खिलाफ काम करने की सजा मिली है।
https://rashtriyadinmaan.com
