LDA में टेंडर प्रक्रिया व विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए गठित होगा स्पेशल सेल—मण्डलायुक्त, डॉ0 रोशन जैकब


लखनऊ विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष/मण्डलायुक्त, लखनऊ डॉ0 रोशन जैकब ने प्राधिकरण द्वारा शहर में कराये जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में दिये निर्देश

बसंतकुंज योजना स्थित प्रधानमंत्री आवासों का कार्य फरवरी माह तक करें पूरा, कार्य में लापरवाही बरतने वाली निर्माणकर्ता फर्म को किया जाए ब्लैकलिस्ट: डॉ0 रोशन जैकब

लखनऊ| लखनऊ विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष/मण्डलायुक्त, लखनऊ डॉ0 रोशन जैकब ने प्राधिकरण द्वारा शहर में कराये जा रहे विकास कार्यों के सम्बंध में शनिवार को समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने टेंडर की प्रक्रिया व विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए अलग से एक स्पेशल सेल गठित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि टेंडर के तकनीकि मूल्यांकन आदि का कार्य समयबद्ध तरीके से निष्पादित किया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बैठक में उपाध्यक्ष डॉ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा उनके समक्ष समस्त कार्यों की प्रगति के सम्बंध में रिपोर्ट प्रस्तुत की गयी। बसंतकुंज योजना में बनाये जा रहे प्रधानमंत्री आवासों का कार्य समय पर पूरा न होने पर मण्डलायुक्त द्वारा नाराजी व्यक्त की गयी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवासों का कार्य हर हाल में फरवरी माह तक पूरा कर लिया जाए तथा कार्य में लापरवाही बरतने वाली निर्माणकर्ता फर्म के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए। इस क्रम में ठेकेदार व उन्हें आवंटित कार्यों की सूची बना ली जाए, जिससे कि समीक्षा में यह पता चल सके कि किन फर्मों का कार्य लंबित है। उन्होंने अभियंताओं को निर्देशित किया कि जो भी कार्य प्रचलित हैं, उनमें गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्यों को प्रस्तावित समय तक पूर्ण करा लिया जाए। उन्होंने कहा कि प्लानिंग और इंजीनियरिंग के कार्यों को सही से सम्पादित कराने के लिए अच्छे कसंलटेंट्स की आवश्यकता है, इसके लिए कंसलटेंट का पैनल गठित करा लिया जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्राधिकरण की व्यावसायिक सम्पित्तयों के निस्तरण के सम्बंध में निर्देशित किया कि एक बार पुन: अलग-अलग स्टेक होल्डर्स के साथ बैठक कर ली जाए। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी सम्पित्तयों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराया जाए।

बैठक में अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, विशेष कार्याधिकारी अमित राठौर, अधीक्षण अभियंता अजय कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता अवनीन्द्र कुमार सिंह, मनोज सागर, के0के0 बंसला, पी0आई0यू0 के सदस्य ए0के0 सिंह सेंगर व तहसीलदार शशिभूषण पाठक समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Scroll To Top
Translate »