उप्र में पूंजी निवेश व रोजगार पर विशेष बलः केशव प्रसाद मौर्य


22181454_1931835890470940_7753140229119420675_o

लखनऊ,। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से लोक निर्माण विभाग के अतिथि ग्रह में जापान के उद्यमियों तथा एन0आर0आई0 प्रतिनिधियों ने भेंट की। प्रतिनिधि मण्डल ने उ0प्र0 सरकार द्वारा प्रदेश में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने तथा अधिकाधिक रोजगार सृजन करने की दिशा में किये जा रहे प्रयासों की खुले दिल से प्रशंसा की।

उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारत और जापान का अटूट रिश्ता है और कोई भी ताकत हमें अलग नहीं कर सकती, उन्होने जापानी प्रतिनिधि मण्डल को पुष्प भेंट कर स्वागत करते हुये कहा कि जापानी तकनीक का दुनिया में विशेष स्थान है। जापानी उत्पाद पर लोगों का अटूट विश्वास है, इसी विश्वास की आज आधार शिला उत्तर प्रदेश में रखने की जरूरत है। उन्होने कहा कि जापानी प्रतिनिधियों द्वारा जो अलग-अलग क्षेत्रों में उत्साह दिखाया जा रहा है वह प्रशंसनीय है। हम प्रदेश में क्रान्तिकारी परिवर्तन लाना चाहते हैं, ग्रामीण क्षेत्रों में फूड प्रोसेसिंग को बढ़ावा देने के लिये हमारी सरकार शीर्ष प्राथमिकता देगी। सेक्टर चाहे जो हो प्रत्येक क्षेत्र में उत्तर प्रदेश में निवेश की अपार सम्भावनाएं है।

उपमुख्यमंत्री ने प्रतिनिधि मण्डल का आह्वान किया कि वे उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश करें, हम उत्तर प्रदेश को विकास के पथ पर ले जाने हेतु कृत संकल्प हैं। श्री मौर्य ने कहा कि प्रदेश में निवेश करने वाले उद्यमियों की सुरक्षा एवं सहयोग करने के लिये सरकार प्रतिबद्ध है। हमने उत्तर प्रदेश में निवेश को बेहतर बनाने के लिये नयी औद्योगिक नीति मंे निवेश और रोजगार पर विशेष बल दिया है। आज केन्द्र तथा राज्य दोनों जगह स्थिर सरकार है, निवेशकर्ताओं को इसका लाभ उठाना चाहिये।

प्रतिनिधि मण्डल के सदस्यों ने प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण, मैन्युफैक्चरिंग, स्वास्थ्य एवं ग्राम्य विकास पशुधन विकास, सोलर एनर्जी, अपशिष्ट प्रबन्धन आदि क्षेत्रों में निवेश करने में अपनी रूचि दिखाते हुये प्रदेश सरकार से सहयोग किये जाने का अनुरोध किया।

प्रतिनिधि मण्डल में टोकियो इंस्ट्रुमेन्टस् इंक के सुरगा साहजिल एवं कटसुआ मोरिटा, यागी कारपोरेशन कम्पनी लि0 के यागी कीनिची, मियाची कार्पोरेशन के मियाची क्योकाजू, मारयूयोशी सूटेन कम्पनी के याशी कावा कूनिरो, इण्टरनेशनल सेन्टर फाॅर हैल्थ एण्ड डवलपमेन्ट के सुशील यामाटो, सूईका यू संगमा कम्पनी लि0 के ओथा सूयूजा, जे नेट कम्पनी लि0 बाटनवे शिरो, होटी कार्पोरेशन के होटी अकोरा, सोनी मोबाइल कम्यूनीकेशन इंक के टी0 हिगूची, एन0आर0आई एम0एल0 शर्मा, पी0एच0डी0 चैम्बर्स आफ काॅमर्स एण्ड इण्डस्ट्री के आर0के0 सरन व सहित उपमुख्यमंत्री के ओ0एस0डी0 विनीत शर्मा व प्रदीप  मौजूद थे।


Scroll To Top
Translate »