एक राज्य दूसरे राज्य से जुड़कर सांस्कृतिक परम्पराओं का सही ज्ञान प्राप्त करेंगे: दिनेश शर्मा


22221645_1932350163752846_6671735734717734784_n

 

यू.पी., अरूणाचल प्रदेश एवं मेघालय के बीच एम.ओ.यू. हस्ताक्षरित

लखनऊ,। एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा की उपस्थिति में आज यहां योजना भवन में तीन राज्यों के बीच सांस्कृतिक सम्बन्धों को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश, अरूणाचल प्रदेश एवं मेघालय राज्य के साथ एमओयू हस्ताक्षरित किए गये। उत्तर प्रदेश की ओर से अपर मुख्य सचिव माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा, श्री संजय अग्रवाल, अरूणाचल प्रदेश की ओर से पर्यटन सचिव डा. जोराम बेदा तथा मेघालय की ओर से शिक्षा सचिव डब्लू आर लिंगदोह ने हस्ताक्षर किए।

डा. दिनेश शर्मा ने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में कहा कि सरदार बल्लभ भाई पटेल की परिकल्पना एक भारत श्रेष्ठ भारत को साकार करने के लिए ही 31 अक्टूबर 2015 को प्रधानमंत्री ने भारत की एकता को बढ़ावा देने के लिए इस कार्यक्रम की शुरूआत की थी। उन्होंने कहा कि यह योजना देश के विभिन्न भागों में सांस्कृतिक सम्बन्धों को बढ़ावा देने की पहल है। इस योजना के माध्यम से एक राज्य दूसरे राज्य से जुड़कर एक दूसरे की विरासत एवं धरोहर को समझेंगे एवं सांस्कृतिक परम्पराओं का सही ज्ञान प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि इस योजना के अन्तर्गत एक बड़े राज्य के साथ छोटे राज्यों को जोड़ते हुए एक दूसरे की विरासत, परम्पराओं और संस्कृति को समझने का युवाओं को मौका दिया गया है। इससे हमारी दृष्टि व्यापक होगी, सामंजस्य की भावना को बल मिलेगा और हम एक दूसरे की मूल्यवान बातों को ग्रहण करेंगे, जिससे श्रेष्ठ भारत का निर्माण हो सकेगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश विविधताओं से भरा हुआ है। यहां की भाषा, बोलचाल, वेशभूषा एवं सांस्कृतिक विभिन्नताओं के बावजूद हम एक सूत्र में बंधे हुए है। आज से सदियों पहले आदिशंकराचार्य ने भारत भ्रमण कर पीठों की स्थापना कर पूरे देश को एक सूत्र में पिरोने का ही कार्य किया था। उन्होंने अरूणाचल प्रदेश के पर्यटन सचिव की धारा-प्रवाह हिन्दी में बोलने की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह गर्व की बात है कि अरूणाचल प्रदेश में अनेक भाषाओं के बावजूद वहां के लोग आपसी बातचीत को समझने के लिए हिन्दी का प्रयोग करते हैं।

अपने सम्बोधन में अरूणाचल प्रदेश के पर्यटन सचिव डा. जोराम बेदा ने कहा कि अरूणाचल प्रदेश में मुख्य रूप से जनजाति के लोग ही निवास करते हैं, जिसमें 26 मुख्य जन-जातियां है। लेकिन इन जनजातियों की भाषा अलग-अलग होती है, जिसके कारण बातचीत समझ में नहीं आती है, ऐसे में अरूणाचल के लोग आपसी बातचीत में हिन्दी का प्रयोग करते हैं। उन्होंने शैक्षणिक भ्रमण एवं पर्यटन भ्रमण पर बल देते हुए कहा कि इससे दोनों राज्यों के बीच आपसी समझ एवं मेलजोल को बढावा मिलेगा। एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए उत्तर प्रदेश की ओर से प्रमोद चन्द्र गुप्ता विशेष सचिव उच्च शिक्षा, मेघालय की ओर से डी.पी. वाहलांग प्रमुख सचिव तथा अरूणाचल प्रदेश की ओर से डा. जोराम बेदा सचिव पर्यटन को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

इस अवसर पर बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, अपर मुख्य सचिव सूचना प्रौद्योगिकी संजीव सरन, प्रमुख सचिव भाषा,जितेन्द्र कुमार, विशेष सचिव उच्च शिक्षा प्रमोद चन्द्र गुप्ता एवं श्रीमती मधु जोशी के अलावा सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।


Scroll To Top
Translate »