
लखनऊ | लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने आवंटियों की सुविधा के लिए एक और कदम उठाया है। उन्होंने प्राधिकरण भवन में 5 दिवसीय विशेष निबंधन शिविर लगाने के आदेश दिये हैं। इसके तहत आवंटी अब एक ही पटल पर समस्त औपचारिकताएं पूरी करके रजिस्ट्री की कार्यवाही पूर्ण करा सकेंगे।
सचिव पवन कुमार गंगवार ने बताया कि यह विशेष निबंधन शिविर 25 अप्रैल, 2022 से 29 अप्रैल, 2022 तक प्राधिकरण भवन के भूतल स्थित कमेटी हॉल में प्रातः 11ः00 बजे से दोपहर 02ः00 बजे तक आयोजित किया जायेगा। इस शिविर में प्रत्येक योजना के स्तर-एक के अधिकारी एवं अनुभाग अधिकारी उपस्थित रहेंगे। उक्त अधिकारीगण अपनी योजना से सम्बन्धी निबन्धन हेतु आये प्रार्थना पत्रों को लेकर सम्बन्धित योजना सहायक को उसी कार्य दिवस में प्राप्त करायेंगे।
इसके अलावा सम्पत्ति के लीज प्लान, गणना एवं धनराशि जमा करने/चालान आदि के कार्य हेतु मुख्य नगर नियोजक, वित्त नियंत्रक एवं मुख्य अभियन्ता द्वारा नामित एक-एक अधिकारी व कर्मचारी कैम्प में उपस्थित रहेंगे। लीज-प्लान तैयार करने की कार्यवाही 02 दिवस तथा गणना की कार्यवाही भी अधिकतम 02 दिवस में पूर्ण की जायेगी।
सचिव ने बताया कि विशेष निबन्धन शिविर के सुचारू संचालन हेतु नजूल अधिकारी अरविन्द त्रिपाठी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। नोडल अधिकारी शिविर में आने वाले समस्त आवंटियों की व्यक्तिगत सुनवाई करते हुए अपेक्षित निराकरण सुनिश्चित करायेंगे।
https://rashtriyadinmaan.com
