क्वालिटी एजुकेशन उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता—CMयोगी


 
लखनऊ | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा कि वर्तमान सरकार प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि तकनीक से जुड़े विद्यार्थी टेक्नोलाॅजी के माध्यम से समाज के लिए बेहतर कार्य कर सकते हैं। सामाजिक समस्याओं का तकनीक के माध्यम से कैसे समाधान किया जा सकता है, इसको केन्द्रित करते हुए कार्य करना होगा।
मुख्यमंत्री जी ने यह विचार आज यहां डाॅ0 ए0पी0जे0 अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (ए0के0टी0यू0) में आयोजित ‘प्राविधिक शिक्षा: सफलता के नए आयाम’ के तहत 250 नवनियुक्त शिक्षकों से संवाद, लैपटाॅप वितरण, सर्वश्रेष्ठ प्रोटो टाइप माॅडल पुरस्कार एवं केन्द्रीय प्लेसमेण्ट सेल, रोजगार पोर्टल के शुभारम्भ तथा 21 परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए। इससे पूर्व, उन्होंने प्रोटो टाइप प्रर्दशनी का अवलोकन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री  ने 21 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होंने केन्द्रीय प्लेसमेण्ट सेल एवं रोजगार पोर्टल के शुभारम्भ किया। उन्होंने प्रवेश परीक्षा के टाॅप रैंकर्स विद्यार्थियों को लैपटाॅप वितरित किया। उन्होंने प्रोटो टाइप विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र से जितना भी सॉलिड वेस्ट निकलता है, उसे इनर्जी में कन्वर्ट करने तथा इस वेस्ट को हम वेल्थ में कैसे बदलें, इस पर कार्य किया जाना चाहिए। वेस्ट को वेल्थ में बदलने का यह इनोवेटिव आइडिया वर्तमान पीढ़ी के मन में है, लेकिन उसको बदलने के लिए मंच और मार्गदर्शन देने की जिम्मेदारी विद्यालय और तकनीकी संस्थानों पर है।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि ए0के0टी0यू0 के सामने अपने भविष्य की सम्भावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ0 ए0पी0जी0 अब्दुल कलाम एक आदर्श हैं। डाॅ0 कलाम ने इस देश को प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बहुत बड़ी भूमिका का निर्वहन किया था।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि नवनियुक्त शिक्षक सिर्फ शिक्षा तक सीमित न रहें, बल्कि अपने इनोवेशन को जारी रखें, क्योंकि जीवन चलने का नाम है, ठहराव का नहीं। जीवन में आपका हर एक अच्छा कदम समाज में परिवर्तन ला सकता है। उन्होंने कहा कि ए0के0टी0यू0 ने तकनीक का उपयोग करते हुए 10,000 छात्रों का एक साथ प्लेसमेण्ट करने की नई शुरुआत की है, जो सराहनीय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि सभी तकनीकी संस्थान इस दिशा में एक नई प्रोग्रेसिव सोच के साथ आगे बढ़ेंगे, तो विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही, समाज को बेहतर भविष्य भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि सहयोग और सहभागिता का यह कार्यक्रम निरन्तर आगे बढ़ते रहना चाहिए। आने वाले समय में उत्तर प्रदेश तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र देश के सामने राज्य के विकास को नई गति प्रदान करेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री  को पुलवामा में शहीदों के परिजनों के सहायतार्थ ए0के0टी0यू0 ने 18 लाख रुपए का चेक तथा हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एच0बी0टी0यू0), कानपुर की ओर से 5 लाख 25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता का चेक मुख्यमंत्री राहत कोष हेतु भेंट किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा मंत्री श्री आशुतोष टण्डन, प्राविधिक शिक्षा राज्यमंत्री श्री संदीप सिंह, ए0के0टी0यू0 के कुलपति डाॅ0 विनय कुमार पाठक सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
———

Scroll To Top
Translate »