
सूरत | सूरत में शुक्रवार को एक दिल दहलाने वाला हादसा हुआ. यहां के सरथाणा इलाके में स्थित एक इमारत में भीषण आग लग गई. इस हादसे में एक टीचर और 19 छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि यह एक व्यावसायिक इमारत है जिसका नाम तक्षशिला है. इसमें कोचिंग सेंटर चल रहा था और इसमें बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद थे.
अचानक लगी आग से अफरा-तफरी मच गई और वहां पढ़ रहे बच्चे इमारत की तीसरी मंजिल पर फंस गए. आग इतनी तेजी से फैली कि बच्चों को बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं मिला. आग के धुएं से कई बच्चे वहीं बेहोश हो गए. जान बचाने की घबराहट में कई छात्रों ने इमारत से छलांग लगाना शुरू कर दिया. वो बिना किसी सहारे के सीधे नीचे कूद गए.
इस हादसे में अभी तक 19 बच्चों की मौत हो गई है, जबकि एक टीचर की भी इसमें जान चली गई है. घटना में 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि जैसे ही आग लगने का पता चला, इसकी जानकारी फायर स्टेशन को दी गई लेकिन फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंची जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया. जान बचाने के लिए अंदर फंसे छात्रों ने इमारत के ऊपर से छलांग लगानी शुरू कर दी. इस दौरान स्थानीय लोगों ने सीढ़ी लगाकर बच्चों को बचाने का भी प्रयास किया लेकिन वो नाकाम साबित हुए.
फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद एक घंटे में आग पर काबू पाया. उन्होंने इमारत के अंदर जाकर यह पता लगाने की कोशिश की कि कोई और वहां फंसा तो नहीं रह गया. फायर ब्रिगेड के कर्मचारी और पुलिस मौके पर सघन जांच कर रही है.
आग लगने की वजहों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. बताया जा रहा है कि घटना के वक्त कोचिंग सेंटर में 30 से ज्यादा बच्चे मौजूद थे.
पीएम मोदी ने हादसे पर जताया अफसोस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने गुजरात सरकार को फौरन राहत पहुंचाने के आदेश दिए हैं.
https://rashtriyadinmaan.com
