लखनऊ: विजयादशमी के मौकै पर ‘लक्ष्मणनगरी’ लखनऊ पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि आतंकवाद को पनाह देने वाले बख्शे नहीं जाएंगे. इस मौके पर पीएम ने कहा कि हमें अपनी अंदर की 10 बुराइयों को खत्म करने का संकल्प लेना चाहिए.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में ऐशबाग स्थित रामलीला मैदान पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “आतंकवाद के खिलाफ विश्व की मानवतावादी ताकतों को एकजुट होना होगा और आतंकवाद के खात्मे के लिए आतंकवाद के पनाहगाहों को नष्ट करना होगा.”
मोदी ने कहा कि आतंकवाद की वजह से निर्दोष लोगों की जान जा रही है. आतंकवादी मानवतावादी चीजों को नष्ट करने में जुटे हुए हैं. उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की जरूरत है.
उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ पहली लड़ाई जटायु ने लड़ी थी. एक नारी की रक्षा के लिए जटायु रावण से भी लड़ने के लिए तैयार हो गया था. यदि देश के 125 करोड़ लोग आतंकवाद के खिलाफ हर छोटी गतिविधियों पर नजर रखें तो इससे आसानी से लड़ा जा सकता है.
विजयादशमी के मौके पर लखनऊ के ऐशबाग रामलीला में पहुंचे पीएम मोदी ने मंत्रों के उच्चारण के बीच भगवान राम को तिलक लगाया. इसके बाद पीएम मोदी ने राम दरबार की आरती उतारी.
इस दौरान रामलीला कमेटी की तरफ से पीएम मोदी को धनुष-बाण भेंट किया गया. इसके साथ तुलसीदास जी का एक मात्र चित्र भी भेट किया गया. पीएम मोदी ने प्रतीक के तौर पर धनुष-बाण को चलाया और चक्र को भी धारण किया.
पीएम मोदी ने ‘जय श्री राम’ के उद्घोष के साथ भाषण की शुरुआत की. पीएम मोदी ने कहा, ”मुझे आज अति प्रचीन रामलीला में शामिल होने का सौभाग्य मिला. इस धरती से भगवान राम और श्री कृष्ण मिले. इस धरती को आकर प्रणाम करने का सौभाग्य मिला.”
पीएम ने कहा, ”हम रावण को तो हर वर्ष जलाते हैं. रावण को जलाते समय एक संकल्प होना चाहिए कि हम भी अपने भीतर जो भी बुराइयां हैं इन्हें ऐसे ही खत्म करेंगे. हर साल इस संकल्प को और मजबूत बनाना चाहिए.”
उन्होंने कहा कि, “आज का रावण शायद पहले जैसा ना हो, राम-रावण की लड़ाई पहले जैसी ना हो लेकिन हमारे भीतर एक द्वंद चलता है. दशहरा का मतलब होता है कि हम अपने भीतर की दस बुराइयों को खत्म करें. ईश्वर ने हर किसी को बुराई खत्म करने का सामर्थ दिया है. अपने भीतर की बुराइयों को खत्म करते राष्ट्र को श्रेष्ठ बनाना है.”
लोकमान्य बालगंगाधर तिलक को याद करते हुए पीएम ने कहा, ”जिस प्रकार लोकमान्य ने गणेश उत्सव को समाज का पर्व बनाया उसी प्रकास इस रामलीला कमेटी ने एक प्रेरणाश्रोत रामलीला का आयोजन किया.”
आतंकवाद पर हमला बोलते हुए पीएम ने कहा, ”आतंकवाद मानवता का दुश्मन हैं. भगवान राम मानवता का प्रतिनिधित्व करते हैं. भगवान राम मर्यादाओं को रेखांकित करते हैं. त्याग और तपस्या की मिशाल भगवान राम ने मिसाल पेश की.”
आतंकवाद बोलते हुए पीएम ने कहा, ”रामायण गवाह कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ने का काम सबसे पहले जटायू ने किया. एक स्त्री का अपहरण करके ले जा रहे सामर्थवान रावण से लड़ना आतंकवाद से लड़ने जैसा ही था. हम अगर राम नहीं बन सकते तो कम से जटायू बनकर आतंकवाद पर नजर तो रख सकते हैं.”
पीएम मोदी ने कहा, ”एक बार जब मैं एक अमेरिका के एक बड़े अधिकारी से बात कर रहा था तो उन्होंने कहा कि ये आपके लॉ एंड ऑर्डर की समास्या है. लेकिन 26/11 के बाद पूरी दुनिया ने आतंकवाद को समस्या माना. आतंकवाद की कोई सीमा नहीं है.”
पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा, ”जो लोग आज आतंकवाद को पनाह दे रहे हैं उन्हें छोड़ा नहीं जा सकता है. आतंकवाद को खत्म किए बिना मानवता की रक्षा संभव नहीं है. ” पीएम ने कहा, ”आंतकवाद और दुराचार भी आतंकवाद का एक रूप हैं. इन्हें खत्म करने के लिए हमें संकल्पबद्ध होना पड़ेगा.” लोगों को स्वच्छता का महत्व बताते हुए पीएम ने कहा, ”गंदगी भी रावण का एक छोटा सा रूप है. ये हमारे छोटे छोटे गरीब बच्चों की जान ले रही है. हमें मिलकर इस गंदगी रूपी रावण को खत्म करना होगा.”
वर्ल्ड गर्ल्स चाइल डे को याद करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ”एक सीता माता पर अत्याचार हुआ तो हम हर साल रावण को जलाते हैं लेकिन हर साल गर्भ में ना जानें कितनी सीताओं को मार दिया जाता है. इसे कैसे बर्दास्त कैसे किया जा सकता है. बेटा पैदा होने पर जितनी खुशी मनाते हैं बेटी पैदा होने पर उससे कई गुना खुशी मनानी चाहिए.”
https://rashtriyadinmaan.com
