नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए केजरीवाल सरकार एक बड़ा प्रस्ताव लेकर आई है। इस फॉर्मूले के मुताबिक राजधानी में एक दिन सम तो दूसरे दिन विषम नंबर प्लेट की गाडिय़ां चलेंगी। यानिकी एक झटके में राजधानी की सड़कों पर गाडिय़ों की संख्या आधी कर देना। ये फैसला 1 जनवरी से लागू करने की योजना है।
इसके साथ ही केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में सभी थर्मल पावर प्लांट बंद करने का फैसला किया है। राजधानी में कोयले से चलने वाले बिजली प्लांटों को महीने के बीच में ही बंद करने का फैसला किया गया है। इसके जरिये राजधानी में धुंआ देने वाले मशीनों का इस्तेमाल घटाने की योजना पर सरकार काम करेगी।
इससे पहले राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति के मद्देनजर आम आदमी पार्टी की सरकार ने स्कूल बंद करने का प्रस्ताव भी दिया था। दिल्ली के प्रदूषण की तुलना बीजिंग से की जा रही है, दिल्ली में सहे जा सकने प्रदूषण से 10 से 16 गुणा ज्यादा प्रदूषण है। मंगलवार को यूएस एम्बेसी मॉनिटरिंग सिस्टम से एयर क्वालिटी इंडेक्स मापा गया। दिल्ली के आनंद विहार में यह लेवल 919 पहुंच चुका है, जबकि पंजाबी बाग, मंदिर मार्ग और आरके पुरम में 261, 269 और 308 है।
दिल्ली में प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट द्धारा चिंता जताने के बाद, कोर्ट परिसर में वायु प्रदूषण मापने का उपकरण लगाया गया है। गुरुवार को हाईकोर्ट ने राजधानी दिल्ली की तुलना गैस चैंबर से की थी। अक्टूबर में सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट में चीफ जस्टिस ने कहा था कि प्रदूषण इतना बढ़ गया है कि उनके पोते को भी मास्क लगाकर चलना पड़ता है। दिल्ली हाईकोर्ट 21 दिसंबर को मामले की अगली सुनवाई करेगी।
https://rashtriyadinmaan.com

