औरंगाबाद: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा)को लुभावने नारे और वादे करके सत्ता हासिल करने वाली पार्टी करार देते हुए आज कहा कि यह देश का सबसे चालाक राजनीतिक दल है। समाजवादी पार्टी(सपा)की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष श्री यादव ने यहां पार्टी प्रत्याशी रंजन कुमार सिंह उर्फ मुन्ना के पक्ष चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा को जनता के मुद्दों और समस्याओं से कुछ लेना देना नहीं है। भाजपा ने अच्छे दिनों का नारा देकर देश की सता हासिल कर ली,उसके बाद लोग अच्छे दिन खोज रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा ही देश और बिहार में विकास कर सकती है।
उतर प्रदेश में सपा सरकार के कार्यों की चर्चा करते हुए श्री यादव ने कहा कि उन्होंने 16 लाख युवाओं को लैपटॉप दिया है लेकिन बिहार में पार्टियां सिर्फ घोषणा ही कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बिहार जिस दिशा में जाता है,देश भी उसी दिशा में जाता है। हर परिवर्तन की शुरूआत बिहार की धरती से होती है। इसलिए पूरे देश की जनता की नजर बिहार विधानसभा चुनाव पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के हाथ मजबूत कर बिहार के माध्यम से देश की तरक्की की जा सकती है।
https://rashtriyadinmaan.com
