बिहार में प्रथम चरण का मतदान शांतिपूर्वक समाप्त, करीब 54 प्रतिशत पड़े वोट


 

2015_10image_02_04_1310681032-llपटना: बिहार विधान सभा की 243 में से 49 सीट के लिए आज प्रथम चरण का मतदान हिंसा की छिटपुट घटना को छोड़ कर अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया और इस दौरान करीब 54 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राज्य निर्वाचन कार्यालय सूत्रों ने यहां बताया कि राज्य के समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़यिा, भागलपुर, बांका,  मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नवादा और जमुई जिले की 49 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ था। उन्होंने बताया कि मुंगेर जिले के तारापुर, जमालपुर,लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा, नवादा के रजौली, गोविंदपुर, सिकंदरा (सु), जमुई, झाझा और चकाई में शाम तीन बजे, खगड़यिा जिले के अलौली, बेलदौर तथा  बांका जिले के कटोरिया और बेलहर विधानसभा क्षेत्र में शाम चार बजे जबकि अन्य 36 क्षेत्रों में मतदान शाम  पांच बजे समाप्त हो गया।

सूत्रों ने बताया कि इन 10 जिलों के करीब एक करोड़ 35 लाख 72 हजार 339 मतदाताओं में से करीब 54 प्रतिशत ने मताधिकार का प्रयोग किया। सबसे अधिक मतदान खगड़यिा जिले में होने की सूचना फिलहाल मिली है जहां 60 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने मतदान में हिस्सा लिया है। मतदान के लिए निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी जो लोग पहले से कतार में लगे हैं उनके लिए मतदान जारी है।


Scroll To Top
Translate »